डॉ कफील खान के खिलाफ एक और FIR दर्ज, जानिए क्या है मामला

Kafeel Khan

डॉ कफील खान (फाइल फोटो | आईएएनएस)

The Hindi Post

गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज (BRD Medical College) के पूर्व डॉक्टर कफील खान और पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है. यह FIR डॉ कफील की किताब के प्रकाशन को लेकर लखनऊ के कृष्णा नगर पुलिस स्टेशन में दर्ज हुई है.

कृष्णा नगर (लखनऊ) के थाना प्रभारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा, “यह FIR कृष्णा नगर के व्यवसायी मनीष शुक्ला की शिकायत पर आईपीसी की विभिन्न धाराओं और प्रेस और पुस्तक पंजीकरण अधिनियम के उल्लंघन के तहत दर्ज की गई है.”

दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, डॉ कफील की किताब को उनके समर्थकों के बीच “पैसा जुटाने, अपनी बेगुनाही साबित करने, राज्य सरकार को उखाड़ फेंकने और 2024 में BJP (सरकार) को दोबारा सरकार बनाने से रोकने” के साधन के रूप में वितरित और बेची जा रही थी.

कफील खान पर आरोप लगाया गया कि वो और उनके साथी सरकार के खिलाफ साजिश रच रहे हैं और दंगा फैला सकते हैं. यह भी आरोप लगाया गया कि कफील खान ने अपनी किताब में सरकार विरोधी व भड़काऊ बातें लिखी हैं. फिलहाल, पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है.

शिकायतकर्ता मनीष शुक्ला ने अपनी शिकायत में दावा किया है कि गोरखपुर त्रासदी पर ‘गुप्त पुस्तक’ इसी उद्देश्य के लिए गुपचुप तरीके से फैलाई जा रही है.

मनीषा का आरोप है कि ‘चार-पांच लोग डॉक्टर कफील खान और उनकी लिखी किताब का नाम लेकर दंगा कराने’ की बात कर रहे थे. मनीष की शिकायत के आधार पर कफील खान और चार-पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ कृष्णानगर थाने में 1 दिसंबर को FIR दर्ज की गई है.

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
(इनपुट्स: आईएएनएस)

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!