खुद को ED अधिकारी बताकर घर में घुसे बदमाश, लूट ले गए 3 करोड़ रूपए
सांकेतिक तस्वीर
दिल्ली के द्वारका में शुक्रवार को हुई सनसनीखेज डकैती के सिलसिले में तीन लोगों को रविवार को गिरफ्तार किया गया. गिरोह के सदस्यों ने खुद को ED अधिकारी बताकर एक व्यक्ति का अपहरण करने के बाद उससे 3 करोड़ रुपये लूट लिए थे.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरियाणा के गोहाना निवासी अमित उर्फ जॉली, रोहित उर्फ अश्विन और दिल्ली के बवाना निवासी मनीष के रूप में हुई है.
पुलिस के मुताबिक, गोपाल नगर में रहने वाले शिकायतकर्ता रवि ने बताया कि शुक्रवार को रात करीब 8 बजे वह अपने घर के पास रोड पर खड़े थे तभी अचानक एक सफेद कार आकर रुकी.
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, “तीन लोग गाड़ी से उतरे. उन्होंने अपने को ED अधिकारी बताया. इसके बाद उन्होंने रवि को जबरन वाहन में बिठा लिया और उसका अपहरण कर लिया.”
इसके बाद दो अन्य व्यक्ति दूसरी कार में वहां पहुंचे और उन्होंने रवि पर पिस्तौल तान दी. उन्होंने रवि को धमकी देते हुए मांग की कि वह अपनी संपत्ति की बिक्री से प्राप्त धन उन्हें दे दे.
पुलिस अधिकारी ने कहा, ”इन पांचो ने रवि पर आरोप लगाया कि यह पैसा अवैध गतिविधियों से जुड़ा है.”
इसके बाद वे सभी रवि को उसके घर ले गए. वहां पहुंच कर उन्होंने 3 करोड़ 20 लाख रूपए और रवि और उनकी मां के मोबाइल फोन लूट लिए. लुटेरों ने दावा किया था कि यह ED की रेड है. यह दावा झूठा था.
बाबा हरिदास नगर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज होने के बाद जांच शुरू की गई. इसके बाद नरेला पुलिस ने एक आरोपी अमित की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस अधिकारी ने कहा, ”अमित पर शस्त्र अधिनियम (धारा 25/27) के तहत मामला दर्ज किया गया है और उसके पास से लगभग 70 लाख रुपये नकद, एक अवैध पिस्तौल और अपराध को अंजाम देने में इस्तेमाल की गई एक कार बरामद की गई है.”
अमित से पूछताछ और सूत्रों से मिली जानकारी के बाद एक और आरोपी रोहित को शनिवार रात पकड़ लिया गया.
अधिकारी ने बताया की अमित और रोहित से पूछताछ के बाद, तीसरे आरोपी मनीष को गिरफ्तार कर लिया गया. मनीष के कब्जे से लूटी गई धनराशि में से लगभग 57 लाख रुपये बरामद किए गए है.
साथ ही घटना को अंजाम देने में प्रयुक्त वाहन भी बरामद कर लिया गया है.
कुल मिलाकर अब तक 1 करोड़ 27 लाख रुपये की वसूली की जा चुकी है. जांच से जुड़े एक अधिकारी ने कहा, “अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है. वो दोनों फरार हैं.”
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
(इनपुट्स: आईएएनएस)
