भाजपा विधायक की पत्नी को चोरों ने बनाया बंधक, लूटपाट कर हुए फरार
सांकेतिक तस्वीर
अरवल्ली (गुजरात) | गुजरात के अरवल्ली जिले से भाजपा विधायक और पूर्व आईपीएस अधिकारी पीसी बरांडा के घर बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया है. शुक्रवार को दो लोग उनके आवास में घुसे और 11 लाख रुपये का कीमती सामान लूटकर फरार हो गए.
पुलिस के अनुसार, यह घटना भिलोडा तालुका के वनकाटिम्बा गांव की है जहां हथियारबंद बदमाशों ने विधायक की पत्नी और सेवानिवृत्त डिप्टी कलेक्टर चंद्रिकाबेन को बंधक बना लिया और 11 लाख रुपये की नकदी व आभूषण लूटकर ले गए.

घटना के समय विधायक बरंडा गांधीनगर में थे. ऐसा संदेह है कि इस डकैती को किसी ऐसे व्यक्ति की मदद से अंजाम दिया गया है जो विधायक निवास से परिचित था. यह भी प्रतीत होता है कि अपराधियों टारगेट पर एक अलमारी थी.
लुटेरों ने अलमारी का लॉक तोड़कर करीब सात लाख रुपये कीमत के गहने लूट लिए. पुलिस दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही हैं. छोटा उदयपुर में पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्य करते हुए बरंडा ने 2017 में स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति का विकल्प चुन लिया था. इसके बाद उन्होंने अपना भाग्य राजनीति में आजमाया और नेता बन गए.
आईएएनएस
