रांची जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस भैंसे से टकराई, अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त
फाइल फोटो (फोटो: ट्विटर)
रांची | पटना-रांची के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस गुरुवार को झारखंड में रामगढ़ जिले के कुजू के पास एक भैंसे से टकरा गई. इससे ट्रेन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया. भैंसा ट्रेन के पहिए में फंस गया. इस हादसे की वजह से ट्रेन करीब डेढ़ घंटे तक कुजू स्टेशन के पास खड़ी रही.
जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वह मध्य रेलवे के धनबाद रेल मंडल के अंतर्गत आता है.
बताया गया कि पटना से रांची आ रही वंदे भारत एक्सप्रेस (ट्रेन सं-22349) ने जैसे ही कुजू स्टेशन पार किया, पोल संख्या 123/ए के समीप एक भैंसा रेलवे ट्रैक पर आ गया. इस वजह से ट्रेन रोक देनी पड़ी.
घटना के बाद ट्रेन लगभग डेढ़ घंटे खड़ी रही. इस बीच मरम्मत के बाद इसे गंतव्य के लिए रवाना किया गया. ट्रेन डेढ़ घंटे लेट से दिन के 1 बजकर 8 मिनट पर बरकाकाना स्टेशन पहुंची. यहां आवश्यक जांच के बाद ट्रेन 01.22 बजे बरकाकाना से रांची के लिए रवाना हुई.
बता दें कि रांची-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रायल के दौरान भी कम से कम दो बार मवेशियों से टकराई थी.
IANS
