शर्मनाक: महिला को निर्वस्त्र कर गांव में घुमाया, VIDEO बनाते रहे लोग, किसी ने नहीं रोका
वीडियो से लिया गया स्क्रीनग्रैब
जयपुर | राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले से एक शर्मनाक घटना सामने आई है. यहां एक महिला को नग्न कर घुमाया गया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह मामला सामने आया.
अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि पीड़िता और आरोपी दोनों आदिवासी समुदाय से हैं और पीड़िता के पूर्व ससुर और उनके परिवार के सदस्य इस मामले में आरोपी हैं.
पुलिस ने महिला के पति सहित तीन को गिरफ्तार किया है. घटना का मुख्य आरोपी पीड़िता का पति है.
अधिकारियों ने कहा, “इस बारे में सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक (एसपी), डिप्टी एसपी और अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे.”
एसपी अमित कुमार ने कहा कि FIR दर्ज कर ली गई है. पुलिस ने इस मामले में 6 टीमों का गठन किया है.
घटना क संज्ञान लेते हुए राज्य सरकार ने पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) उमेश मिश्रा और एडीजी क्राइम दिनेश एमएन को प्रतापगढ़ भेजा और कड़ी कार्रवाई करने को कहा.
जानकारी के अनुसार, मायके और ससुराल पक्ष के लोगों के बीच विवाद के बाद कथित तौर पर ससुराल पक्ष के लोगों ने महिला को निर्वस्त्र करके घुमाया. इस मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया जिसके बाद बवाल मच गया. पुलिस ने गर्भवती आदिवासी महिला को निर्वस्त्र कर घुमाने की घटना के मुख्य आरोपी सहित तीन को पकड़ा है.
घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए उप-नेता प्रतिपक्ष सतीश पूनिया ने कहा, “प्रतापगढ़ में आदिवासी महिला के साथ दुर्व्यवहार का वीडियो देखकर रूह कांप गई. अपराधियों के हौंसले इतने बुलंद हैं कि वे खुलेआम अपराध करने का वीडियो बना रहे हैं.”
पूनिया ने राज्य सरकार से दोषियों को “इतनी कठोर सजा देने का आग्रह किया कि ऐसे अपराध करने के बारे में सोचने वाले अपराधियों के मन में डर पैदा हो जाए.”
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क/आईएएनएस
