राहुल गांधी की तारीफ करने पर बसपा ने इमरान मसूद को निष्कासित किया
कांग्रेस नेता राहुल गांधी की प्रशंसा करने के कुछ घंटों बाद ही बसपा अध्यक्ष मायावती ने पार्टी नेता इमरान मसूद को ‘पार्टी विरोधी’ गतिविधियों का हवाला देते हुए निष्कासित कर दिया.
इमरान मसूद ने इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पिछले एक दशक में पार्टी की गिरावट के लिए डॉ. बीआर अंबेडकर के दिखाए रास्ते से भटक चुकीं मायावती जिम्मेदार हैं.
हालांकि, इमरान मसूद ने अपने अगले राजनीतिक कदम को स्पष्ट नहीं किया है. लेकिन, मसूद ने कहा कि वह कमजोर वर्ग और वंचितों के लिए काम करना जारी रखेंगे.
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के एक प्रभावशाली मुस्लिम नेता – इमरान मसूद 2022 के विधानसभा चुनाव के बाद बसपा में शामिल हो गए थे. 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले, मसूद कांग्रेस से समाजवादी पार्टी (सपा) में चले गए थे, जबकि उनके भाई नोमान मसूद बसपा में शामिल हो गए थे.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क/आईएएनएस
