200 KM की स्पीड से आ रही रोल्स-रॉयस और आयल टैंकर में टक्कर, टैंकर पलटा और रोल्स-रॉयस जल कर हो गई राख, दो की मौत

Accident (1)
The Hindi Post

22 अगस्त को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर उमरी गांव के पास एक भयानक एक्सीडेंट हुआ था. इस हादसे में रोल्स-रॉयस और आयल (तेल) टैंकर की जोरदार टक्कर हुई थी. इस घटना में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी. ट्रक के ड्राइवर और क्लीनर की इस हादसे में जान चली गई थी.

डीजल टैंकर से टकराने के बाद ये लग्जरी कार जलकर राख हो गई थी. वही टैंकर एक साइड पलट गया था. इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि टक्कर कितनी जोरदार थी. लक्जरी कार में कुल तीन लोग बैठे थे. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, तीनों बच गए. वही मृतकों की पहचान रामप्रीत और कुलदीप के रूप में हुई थी. दोनों उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे.

अब पुलिस से जानकारी मिली है कि रॉल्स-रॉयस की स्पीड 200 किमी प्रति घंटा थी. यानि हादसे के समय इस गाड़ी की स्पीड 200 किमी प्रति घंटा थी. इसमें तीन लोग सवार थे, जिन्हें मामूली चोटें आई थी. उन्हें इलाज के लिए गुरुग्राम ले जाया गया था. इस भयानक घटना में रोल्स-रॉयस पूरी तरह जल कर राख हो गई थी.

बता दे कि इस लग्जरी कार की अनुमानित कीमत लगभग 10 करोड़ रुपये है और यह एक निजी फर्म के नाम पर पंजीकृत है.

नूंह पुलिस के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने नाम न छापने का अनुरोध करते हुए कहा, “यह लग्जरी कार एक बड़े व्यवसायी के निजी काफिले का हिस्सा थी. इस मामले में जांच जारी है.”

इस हादसे की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी अशोक कुमार ने कहा, “नगीना पुलिस स्टेशन में एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ आईपीसी की धारा 279, 337 और 304 ए के तहत FIR दर्ज की गई है. जो लोग इस घटना के दोषी है उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है.”

अधिकारी ने आगे कहा, “पुलिस को प्रारंभिक जांच से पता चला है कि कार बहुत तेज गति में थी जिसके कारण हादसा हुआ. लेकिन हम और सबूत इकट्ठा कर रहे हैं.”

इस बीच बताया जा रहा है कि आयल टैंकर दिल्ली की तरफ जा रहा था. “वह वहीं रुककर यू-टर्न लेने का इंतजार कर रहा था. सड़क पर ट्रैफिक नहीं था इसलिए ट्रक (आयल टैंकर) मुड़ने लगा. तभी यह कार आ गई. यह गाड़ी बहुत रफ्तार में थी.. नियंत्रण कक्ष ने इसकी गति 200 किमी प्रति घंटे से अधिक दर्ज की है.”

फिलहाल पुलिस मामले में हर एंगल से जांच कर रही है.

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
(इनपुट्स: आईएएनएस)


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!