UP: कंधे पर बेटी को बिठाकर ले जा रहे युवक को बेहद करीब से मारी गई गोली, घटना हुई CCTV में कैद, वीडियो वायरल

Shahjahanpur (1)
The Hindi Post

उत्‍तर प्रदेश के शाहजहांपुर में एक शख्‍स अपने कंधे पर बेटी को बैठाकर जा रहा था. अचानक वहां तीन लोग आते है. उन तीनों में से एक शख्स इस व्यक्ति पर करीब से गोली चला देता है.

गोली लगते ही यह व्यक्ति नीचे गिर जाता है. साथ में ही गिर जाती है उसकी नन्हीं सी बेटी.

यह पूरा घटनाक्रम पास में लगे CCTV में कैद हो जाता है. यह घटना रविवार देर रात चौक पुलिस सर्कल क्षेत्र के बाबूजई इलाके में हुई. 

पुलिस ने कहा कि व्यक्ति की हालत गंभीर है, जबकि बेटी को हमले में कोई नुकसान नहीं पहुंचा है.

जो वीडियो क्लिप सामने आया है उसमें दिख रहा है कि शोएब नाम का युवक अपनी बेटी को कंधे पर बिठाकर ले जा रहा है. तभी अचानक एक हथियारबंद हमलावर आता है और शोएब के सिर में करीब से गोली मार देता है. गोली मारकर हमलावर मौके से फरार हो जाता है.

गोली की आवाज सुनकर शोएब के परिवार वाले घर से भागते हुए बाहर आते है. घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल होता है. गंभीर रूप से घायल शोएब को तुरंत अस्पताल ले जाया जाता है. फिलहाल उसकी हालत गंभीर बनी हुई है. अब उसका इलाज दिल्ली के एक अस्पताल में चल रहा है.

बता दे कि बच्ची सुरक्षित है और उसे केवल मामूली चोटें आई हैं.

पुलिस ने लिखित शिकायत के आधार पर कथित शूटर तारिक समेत तीन संदिग्धों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है.

दो आरोपियों को पकड़ लिया गया है, जबकि तीसरे की तलाश की जा रही है.

मामले में हुई जांच से पता चला है कि आरोपी शूटर यानि तारिक के भाई की पहले चांदनी नाम की महिला से सगाई हुई थी. बाद में चांदनी ने शोएब (जिसको गोली मारी गई है) से शादी कर ली थी.

तारिक इस बात से भड़का हुआ था कि उसके भाई और चांदनी की सगाई टूट गई थी. इसी बात का बदला लेने के लिए तारिक ने शोएब को कथित तौर पर गोली मार दी.

एसपी अशोक कुमार मीणा के मुताबिक इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है. उन्होंने कहा कि वीडियो साक्ष्य के आधार पर, संदिग्धों की पहचान की गई है. उनका पता लगाने और पकड़ने के प्रयास जारी हैं.

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क

(इनपुट्स: आईएएनएस)


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!