संसद में टमाटर की माला पहनकर पहुंचे माननीय सांसद
Photo: IANS
नई दिल्ली | दिल्ली में टमाटर की कीमत 200 रुपए किलोग्राम तक पहुंच चुकी है. टमाटर की बढ़ी हुई कीमत पर अपना विरोध जताने के लिए आम आदमी पार्टी के एक सांसद बुधवार को संसद भवन में टमाटर की माला पहनकर पहुंचे.
AAP सांसद सुशील गुप्ता राज्यसभा के अंदर टमाटर की माला पहनकर पहुंचे. गुप्ता का कहना है कि वह केंद्रीय मंत्री को टमाटर और अदरक भेंट करेंगे.
सुशील गुप्ता ने सदन के बाहर कहा कि पूरे देश में टमाटर की कीमतें आसमान छू रही हैं. आम आदमी महंगाई की आग में जल रहा है पर सरकार का महंगाई पर कोई ध्यान नहीं है.
उन्होंने कहा कि टमाटर के अलावा डीजल पेट्रोल 100 रुपये पार चला गया है. बावजूद इसके सरकार न तो महंगाई पर चर्चा कर रही है, न ही मणिपुर पर चर्चा कर रही है. गुप्ता ने कहा कि इसलिए वह सदन में यह आभूषण (टमाटर की माला) पहनकर जा रहे हैं.
सदन के भीतर सुशील गुप्ता के समीप बैठे जेडीयू के सांसद अनिल प्रसाद हेगड़े को जब बोलने का अवसर मिला तो गुप्ता भी कैमरे पर दिखाई दिए. इस दौरान उन्होंने अपने गले में पहनी टमाटर की माला को ऊपर उठाकर राज्यसभा के कैमरे में भी दिखाया.
सुशील गुप्ता ने कहा कि खाद्य पदार्थों की बढ़ती कीमतों के मद्देनजर उन्होंने केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल से समय मांगा है. गुप्ता का कहना है कि वह पीयूष गोयल से मुलाकात कर उनको टमाटर और अदरक की एक टोकरी भेंट करेंगे.
उन्होंने कहा कि सरकार को मणिपुर, हरियाणा, महंगाई पर सदन में चर्चा करनी चाहिए लेकिन सरकार सदन में चर्चा से दूर भाग रही है.
वहीं राज्यसभा के सभापति ने AAP सांसद सुशील गुप्ता के राज्यसभा में टमाटर की माला पहनकर आने को लेकर आपत्ति दर्ज की.
आईएएनएस
