कुत्ते को खाना खिलाने के विवाद में युवती ने बुजुर्ग को डंडे से पीटा, वीडियो आया सामने
गाजियाबाद | गाजियाबाद की एक हाउसिंग सोसाइटी में आवारा कुत्तों को खाना खिलाने के विवाद में एक महिला ने 79 साल के बुजुर्ग को डंडे से बुरी तरह से पीट डाला. इसका एक वीडियो भी सामने आया है. बुजुर्ग ने इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है.
पुलिस ने बुजुर्ग की शिकायत को संज्ञान में लेते हुए महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
गाजियाबाद के थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक में बनी सोसायटी पंचशील से यह मामला सामने आया है.
सोसाइटी में रहने वाले 79 साल के बुजुर्ग रूपनारायण मेहरा ने बताया, “सोसाइटी में स्ट्रे डॉग्स का आतंक है. आए दिन काटने की घटनाएं सामने आती हैं. मैंने महिला से कहा था कि वो कहीं और ले जाकर कुत्ते को फीडिंग कराएं. इसी बात पर महिला ने मेरे साथ मारपीट शुरू कर दी. मुझ पर डंडे से हमला किया.”
#Ghaziabad के पंचशील वेलिंगटन सोसाइटी में तथाकथित डॉग लवर्स सोसाइटी के लिए नासूर बन गए है, एक महिला डॉग लवर का जानवरो वाला कृत्य सामने आया है, 23 साल की युवती 80 साल के बुजुर्ग को डंडे से पीट रही है, विरोध करने और बीच बचाव करने पर लोगो को गाली भी दे रही है, कसूर सिर्फ इतना था कि… pic.twitter.com/4mwi7kkMAO
— Lokesh Rai (@lokeshRlive) August 2, 2023
जब कई लोग बीच-बचाव करने आए तो महिला ने उनके साथ भी अभद्रता की.
एसीपी सलोनी अग्रवाल ने बताया, “ये घटना क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र की पंचशील सोसाइटी की है. सिमरन नामक महिला स्ट्रे डॉग्स को खाना खिला रही थी. वहीं रहने वाले 79 साल के रूपनारायण मेहरा ने इसका विरोध किया. इसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी हुई.”
उन्होंने बताया कि इस घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. बुजुर्ग की शिकायत पर सिमरन के खिलाफ प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर ली गई और महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. मामले में जांच जारी है.
आईएएनएस
