मणिपुर की घटना से “दुखी” भाजपा प्रवक्ता ने दिया इस्तीफा, इस्तीफे का पोस्टर लगवाया, लिखा – घटना के लिए मणिपुर CM पूर्ण जिम्मेदार और इसका बचाव करने वाले PM मोदी
बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को गुरुवार को तगड़ा झटका लगा. पार्टी के प्रवक्ता और मीडिया पैनलिस्ट विनोद शर्मा ने मणिपुर की घटना से दुखी होकर पार्टी से इस्तीफा दे दिया.
शर्मा ने अपना इस्तीफा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को भेज दिया है. साथ ही इस्तीफे की होर्डिंग लगाकर इसकी जानकारी आम लोगों को भी दे रहे हैं.
पोस्टर पर लिखा है, “भारत की बहन, बेटियां करे चीत्कार शर्म करो, बेटी बचाओ का नारा देने वाली मोदी सरकार.”
इसके नीचे विनोद शर्मा ने अपना इस्तीफा छपवाया है. पोस्टर पर लिखा है कि “मणिपुर में बेटियों को पूर्ण नग्न कर भीड़ में सड़कों पर घुमाए जाने के कारण पूरे विश्व में भारत शर्मसार हुआ है. जिसके लिए मणिपुर के भाजपा के मुख्यमंत्री बीरेन सिंह पूर्ण जिम्मेदार है और इसका बचाव करने वाले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हैं. ऐसे नेतृत्व में काम करते हुए मुझे आत्मग्लानी एवं कलंकित महसूस कर रहा हूं. इसलिए तत्काल पार्टी के पदों और पार्टी से इस्तीफा देता हूं.”
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
(इनपुट्स: आईएएनएस)
