बेंगलुरु में सनसनीखेज डबल मर्डर, टेक कंपनी के दफ्तर में घुसकर पूर्व कर्मचारी ने CEO और MD को तलवार से काट डाला
सांकेतिक तस्वीर (आईएएनएस)
बेंगलुरु में मंगलवार को चौंकाने वाली घटना घटी है. यहां के अमृतल्ली इलाके में दिनदहाड़े एक निजी टेक कंपनी के एमडी और सीईओ की बेरहमी से हत्या कर दी गई.
मृतकों की पहचान एरोनिक्स मीडिया प्राइवेट के प्रबंध निदेशक फणींद्र सुब्रमण्यम और इसके सीईओ वीनू कुमार के रूप में की गई है.
पुलिस ने कहा कि कंपनी के एक पूर्व कर्मचारी, जिसकी पहचान जे. फेलिक्स के रूप में हुई है, ने फणींद्र सुब्रमण्यम और वीनू कुमार की बेहरमी से हत्या कर दी है. अब पुलिस फेलिक्स और उसके सहयोगियों को ढूंढ रही है.
पुलिस की पड़ताल में ये पता चला है कि फेलिक्स ने एरोनिक्स मीडिया प्राइवेट लिमिटेड छोड़कर अपनी खुद की कंपनी स्थापित कर ली थी.
चूँकि सुब्रमण्यम बिसनेज में फेलिक्स के लिए प्रमुख प्रतिस्पर्धी थे, इसलिए उसने उनकी हत्या की योजना बनाई थी.
पुलिस के अनुसार, फेलिक्स अपने तीन साथियों के साथ मंगलवार शाम को एरोनिक्स प्राइवेट लिमिटेड के ऑफिस में घुसा और उसने तलवार और चाकू से फणींद्र और वीनू पर हमला कर दिया. इसके बाद चारों मौके से फरार हो गए.
जिस समय फणींद्र और वीनू पर हमला हुआ – दोनों ऑफिस में काम कर रहे थे. फणींद्र ऑफिस की पहली और वीनू तीसरी मंजिल पर थे. अलग-अलग मंजिल पर जाकर इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया.
फणींद्र और वीनू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. उनके शवों को पोस्टमार्टम के लिए मणिपाल अस्पताल ले जाया गया है. पुलिस अब हमलवारों की तलाश कर रही है. इस मामले में जांच शुरु हो गई है.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
(इनपुट्स: आईएएनएस)
