कम हो सकते है पेट्रोल, डीजल के दाम! तेल कंपनियां कर सकती है 4-5 रुपये प्रति लीटर की कटौती
फोटो: आईएएनएस
नई दिल्ली | नवंबर-दिसंबर में कुछ राज्यों में होने वाले चुनाव को देखते हुए तेल विपणन कंपनियां (आयल मार्केटिंग कम्पनीज) अगस्त से पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 4-5 रुपये प्रति लीटर की कटौती कर सकती हैं.
जेएम फाइनेंशियल इंस्टीट्यूशनल सिक्योरिटीज द्वारा जारी रिसर्च रिपोर्ट में कहा गया है कि तेल कंपनियों की वैल्यूएशन बेहतर है पर फ्यूल मार्केटिंग बिजनेस में इनकम को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है. रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि ओपेक प्लस देश तेल के उत्पादन में कटौती कर अगले 9-12 महीनों के दौरान कीमतों में बढ़ोतरी कर सकते है.
तेल कंपनियों को उम्मीद है कि कच्चे तेल की कीमत 80 डॉलर/बैरल से नीचे बनी रहेगी.
रिपोर्ट में कहा गया है कि तेल विपणन कंपनियों का मूल्यांकन ठीक ठाक है, लेकिन चुनाव के दौरान कच्चे तेल की कीमत में तेज उछाल से आय को खतरा हो सकता है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, नवंबर-दिसंबर में प्रमुख राज्यों में चुनावों को देखते हुए तेल कंपनियों को अगस्त से पेट्रोल/डीजल की कीमत में 4-5 रुपये प्रति लीटर की कटौती करने के लिए कहा जा सकता है. ऐसा इसलिए भी हो सकता है क्योंकि आयल मार्केटिंग कम्पनीज की बैलेंस शीट काफी हद तक दुरुस्त हो चुकी है और वित्त वर्ष 24 में इन कंपनियों द्वारा मजबूत मुनाफा दर्ज करने की संभावना है.
हालांकि, रिपोर्ट में संभावित कटौती की समयसीमा और मात्रा का उल्लेख नहीं किया गया है. यह इस बात पर निर्भर करेगा कच्चे तेल की कीमत क्या है और डॉलर के मुकाबले रूपए की क्या स्थिति है.
By IANS
