यौन उत्पीड़न मामले में दिल्ली पुलिस ने बृज भूषण सिंह के खिलाफ दाखिल की चार्जशीट

Brij Bhushan IANS June 14 (1)

फाइल फोटो (आईएएनएस)

The Hindi Post

नई दिल्ली | दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ कथित यौन उत्पीड़न मामले में 1,000 पन्नों से अधिक की चार्जशीट अदालत में दाखिल की.

पुलिस ने राउज एवेन्यू कोर्ट की मुख्य मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट महिमा राय के समक्ष आईपीसी की धारा 354, 354ए और 354डी के तहत आरोपी बृजभूषण के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया.

सूत्रों ने बताया कि चार्जशीट में करीब 200 गवाहों के बयान हैं.

अदालत ने मामले की अगली सुनवाई 22 जून को मुकर्रर की है.

कनॉट प्लेस पुलिस स्टेशन में दर्ज प्राथमिकी में, छह वयस्क पहलवानों ने आरोप लगाया था कि बृजभूषण सिंह ने कथित तौर पर एक एथलीट को सेक्सुअल एक्ट्स करने के लिए मजबूर करने का प्रयास किया था, दूसरे पहलवान को अपने बिस्तर पर आमंत्रित किया था और उसे गले लगाया था. साथ ही अन्य एथलीटों को गलत तरीके से टच किया था.

FIR में एक पहलवान ने कहा, ”..बृज भूषण शरण सिंह ने पहले मेरा यौन उत्पीड़न किया. जब मैं प्रशिक्षण ले रही थी, तो आरोपी (बृज भूषण) ने मुझे अलग से बुलाया, लेकिन मैंने जाने से इनकार कर दिया क्योंकि वह (सिंह) अन्य लड़कियों को भी अनुचित तरीके से छू रहे थे. हालांकि, मुझे फिर से आरोपी (बृज भूषण) ने बुलाया जिसके बाद उन्होंने मेरी टी-शर्ट खींची और अपना हाथ मेरे पेट से नीचे खिसका दिया और मेरी सांस की जांच के बहाने मेरी नाभि पर हाथ रख दिया.”

एक अन्य पहलवान ने प्राथमिकी में कहा है कि वह जमीन पर स्ट्रेचिंग/वार्मअप कर रही थी, उसी वक्त बृजभूषण सिंह वहां आए और उसके कोच की अनुपस्थिति में उस पर झुक गए.

दूसरे पहलवान ने कहा, “मेरी अनुमति के बिना मेरी टी-शर्ट खींची और अपना हाथ मेरे स्तन पर रख दिया और मेरी सांस की जांच के बहाने मेरे पेट पर हाथ रखा और मुझे गलत तरीके से टच किया. जब हम जंतर मंतर पर विरोध कर रहे थे तो सिंह ने अपने लोगों के जरिए मुझसे संपर्क करने की कोशिश की और धमकियां दी.”

प्राथमिकी में तीसरी रेसलर ने कहा कि रेसलर्स का फोटो शूट हो रहा था. इस दौरान वह (रेसलर) आखिरी पंक्ति में खड़ी थी. तब बृज भूषण ने उसके नितंब पर हाथ रखा था. “बृज भूषण ने मेरे साथ तस्वीर खिंचवाने के बहाने, मेरी इच्छा के विरुद्ध मुझे जबरदस्ती अपने तरफ खींच लिया था. जब मैंने विरोध किया तो उन्होंने कहा, ‘ज्यादा स्मार्ट बन रही है क्या, आगे कोई प्रतियोगिता नहीं खेलने है क्या तूने’.

इसी तरह के आरोप दूसरी महिला पहलवानों ने भी लगाए हैं.

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क/आईएएनएस


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!