बैडमिंटन खेल रहा शख्स अचानक कोर्ट में गिरा, लोगों ने दौड़कर उठाया, CPR दिया फिर भी नहीं बची जान
नोएडा | नोएडा के सेक्टर-21ए में शनिवार को स्टेडियम के बैडमिंटन कोर्ट में खेलते समय 52 वर्षीय व्यक्ति गिर पड़े. स्टाफ के लोगों ने दौड़कर उन्हें उठाया और तुरंत डॉक्टर को बुलाया गया. डॉक्टर ने सीपीआर देना शुरू किया. इस दौरान कई बार इस शख्स का चेस्ट दबाया गया पर कोई हलचल नहीं हुई.
तुरंत ही इस व्यक्ति को पास के मेट्रो अस्पताल लेकर जाया गया, यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
डॉक्टरों ने बताया कि हार्ट अटैक की वजह से व्यक्ति की मौत हो गई है. मृतक का नाम महेंद्र शर्मा है. उनकी उम्र 52 साल थी. वह सेक्टर-55 में रहते थे. वह अक्सर नोएडा स्टेडियम में खेलने जाया करते थे.
बैडमिंटन खेल रहा शख्स अचानक बैडमिंटन कोर्ट में गिरा…. लोगों ने दौड़कर उठाया, CPR दी, फिर भी नहीं बची जान#heartattack #badminton #Noida pic.twitter.com/NI9Qu6e4ov
— sweety dixit (@sweetydixit6) June 10, 2023
जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव आनंद खरे ने बताया, “महेंद्र शर्मा सुबह के समय खेलने आए थे. उन्होंने कोर्ट चार पर तीन गेम खेले. इसके बाद उन्हें कुछ परेशानी हुई. वह पिछले पांच सालों से नोएडा के स्टेडियम में खेलने आ रहे थे. वह सुबह सात से आठ बजे के स्लॉट में खेलते थे. वो पेशे से बिजनेसमैन थे. महेंद्र की नोएडा के सेक्टर-11 में प्लास्टिंग मोल्डिंग की फैक्ट्री है.”
हार्ट अटैक आने पर जब महेंद्र शर्मा की स्थिति बिगड़ने लगी, तब उन्हें बैठाकर पानी पिलाया गया. तबियत बिगड़ती देख पास के कोर्ट पर बैडमिंटन खेल रहे मेट्रो अस्पताल के डॉक्टर संदीप कवल ने उन्हें प्राथमिक उपचार दिया और इसके बाद एम्बुलेंस बुलाकर अस्पताल में भर्ती कराया. यहां करीब 4 घंटे बाद उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया.
पुलिस के मीडिया सेल ने बताया कि थाने में इस तरह का कोई मामला सामने नहीं आया है. वीडियो वायरल होने के बाद ही यह जानकारी मिली है. अब इस मामले की जांच की जा रही है.
आईएएनएस
