ओडिशा ट्रेन हादसा : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटनास्थल से किसको फोन किया?
स्क्रीनग्रैब (वीडियो से लिया गया)
ओडिशा/नई दिल्ली | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओडिशा के बालासोर में हुए ट्रेन हादसे के दुर्घटनास्थल पर शनिवार को जाकर वहां चल रहे राहत कार्यो की समीक्षा की.
प्रधानमंत्री ने हादसे वाली जगह पर चल रहे राहत कार्यो का जायजा लेने के साथ ही स्थानीय अधिकारियों, आपदा राहत बलों के कर्मियों और रेलवे अधिकारियों के साथ बातचीत भी की.
बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री मोदी ने घटनास्थल से ही केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और कैबिनेट सचिव को फोन किया और निर्देश दिया कि सभी घायलों और उनके परिवारों को आवश्यक सहायता प्रदान की जाए.
उन्होंने शोक संतप्त परिवारों की भी हर तरह से मदद करने का निर्देश देते हुए यह कहा कि यह सुनिश्चित करने के लिए विशेष ध्यान रखा जाए कि शोक संतप्त परिवारों को असुविधा का सामना न करना पड़े और प्रभावितों को आवश्यक सहायता मिलती रहे.
घटनास्थल से रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, कैबिनेट सचिव, केंद्रीय गृह सचिव और एनडीआरएफ के डीजी के अलावा रेलवे बोर्ड मेंबर सहित कई अन्य उच्चाधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर हालात का जायजा भी लिया था.
आईएएनएस
