भाजपा आलाकमान के सख्त निर्देश के बाद बृजभूषण शरण सिंह ने अयोध्या रैली को किया स्थगित
बृज भूषण शरण सिंह (फाइल फोटो / आईएएनएस)
गोंडा | पहलवानों से विवाद के मामले में सुर्खियां बटोर रहे भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने शुक्रवार को ऐलान किया है कि अयोध्या में होने वाली जन चेतना रैली स्थगित की जा रही है.
सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके कहा कि पुलिस जांच के चलते इस रैली को फिलहाल के लिए स्थगित किया जा रहा है.
भाजपा सांसद ने इस बारे में अपने फेसबुक पेज पर जानकारी दी. उन्होंने लिखा, “वर्तमान स्थिति में कुछ राजनीतिक दल विभिन्न स्थानों पर रैलियां कर प्रांतवाद, क्षेत्रवाद और जातीय संघर्ष को बढ़ावा देकर सामाजिक समरसता को भंग करने का प्रयास कर रहे हैं. उद्देश्य यह है कि 5 जून को अयोध्या में एक संत सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया गया ताकि पूरे समाज में फैल रही बुराई पर विचार किया जा सके, लेकिन अब जबकि पुलिस आरोपों की जांच कर रही है और सुप्रीम कोर्ट के गंभीर निर्देशों का सम्मान करते हुए “जन चेतना महारैली, 5 जून, अयोध्या चलो” कार्यक्रम कुछ दिनों के लिए स्थगित कर दिया गया है. इस मुद्दे पर सभी धर्मों, जातियों और क्षेत्रों के लाखों समर्थकों और शुभचिंतकों ने विनम्र तरीके से मेरा समर्थन किया है.”
बृज भूषण ने कहा, “आपके समर्थन के साथ पिछले 28 वर्षों से लोकसभा के सदस्य के रूप में सेवा की है. मैंने सत्ता और विपक्ष में रहते हुए सभी जातियों, समुदायों और धर्मों के लोगों को एकजुट करने का प्रयास किया है. इन्हीं कारणों से मेरे राजनीतिक विरोधियों और उनकी पार्टियों ने मुझ पर झूठे आरोप लगाए हैं.”
ज्ञात हो कि बृजभूषण के समर्थन में 5 जून को राम कथा पार्क (सरयू तट किनारे बने राम कथा पार्क) में प्रस्तावित कार्यक्रम को प्रशासन ने भी अनुमति नहीं दी है. पुलिस अनुमति नहीं देने का कारण जिले में लागू धारा 144 बता रही है. संत समाज कार्यक्रम स्थगित करने को तैयार नहीं था. इसी बीच शुक्रवार को बृजभूषण शरण सिंह ने कार्यक्रम को स्थगित करने की घोषणा कर दी.
बृजभूषण शरण सिंह ने कार्यक्रम में 11 लाख से अधिक भीड़ जुटाने का लक्ष्य निर्धारित किया था. नगर के प्रमुख साधु-संतों का उन्हें समर्थन मिल चुका था.
क्षेत्राधिकारी एसपी गौतम ने बताया, “राम कथा पार्क में पांच जून को किसी भी प्रकार के कार्यक्रम करने की अनुमति नहीं है. इस दिन विश्व पर्यावरण दिवस का सरकारी आयोजन होना है. इस बात से उन्हें (बृज भूषण शरण सिंह) अवगत करा दिया गया है.”
सूत्रों के मुताबिक, भाजपा आलाकमान की तरफ से बृजभूषण शरण सिंह को यह सख्त निर्देश दिया गया था कि वह अपनी अयोध्या की प्रस्तावित रैली को रद्द कर दें और कानूनी प्रक्रिया का सामना करें. बताया जा रहा है कि उन्हें पहलवानों के खिलाफ अनावश्यक और विवादास्पद बयानों से बचने की भी हिदायत दी गई है.
भाजपा सांसद और भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के निवर्तमान प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह पर महिला पहलवानों ने यौन शोषण का आरोप लगाया है. बृजभूषण शरण सिंह पर यौन शोषण का आरोप लगाते हुए विनेश फोगाट, बजरंग पुनिया और साक्षी मलिक सहित प्रमुख पहलवान 23 अप्रैल से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं.
आईएएनएस
