भारी भीड़ और पुलिस फाॅर्स की मौजूदगी में हुआ कुख्यात अनिल दुजाना का अंतिम संस्कार
Photo: IANS
ग्रेटर नोएडा | पुलिस मुठभेड़ में मारे गए खूंखार गैंगस्टर अनिल दुजाना का शव शुक्रवार को नोएडा के दुजाना गांव लाया गया. अनिल दुजाना का बड़ा भाई भोपाल नागर उसका शव लेकर गांव पहुंचा था.
शव लाने की सूचना मिलने पर गांव के लोग गैंगस्टर दुजाना के घर पहुंचने लगे. थोड़ी देर में वहां लोगों का तांता लग गया. शव देखने के बाद दुजाना की पत्नी पूजा बदहवास हो गई. बाद में अनिल दुजाना का अंतिम संस्कार कर दिया गया. इस दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था थी.
अनिल दुजाना उर्फ अनिल नागर को गुरुवार को एसटीएफ ने मुठभेड़ में मार गिराया था. यूपी एसटीएफ ने इस कार्रवाई को मेरठ में अंजाम दिया था.
बता दे कि कुख्यात गैंगस्टर दस महीने अयोध्या जेल की हाई सिक्योरिटी बैरक में निरुद्ध रहा था. दुजाना का आपराधिक नेटवर्क ध्वस्त करने के लिए उसे अयोध्या जेल में बंद किया गया था. उसे यहां हाईसिक्योरिटी बैरक में रखा गया था. दुजाना की मौत यहां भी चर्चा का विषय बनी रही.
अनिल दुजाना का नाम उत्तर प्रदेश के 65 कुख्यात अपराधियों में शामिल था. कुछ दिन पहले ही प्रदेश सरकार ने उत्तर प्रदेश के कुख्यात अपराधियों की लिस्ट जारी की थी जिसमें अनिल दुजाना का नाम भी शामिल था.
आईएएनएस
