बीजेपी सांसद की बेटी ने पार्टी नेता पर कराई FIR
ये मृणालिनी सिंह हैं, केंद्रीय राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह की बेटी. मृणालिनी ने आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज कराया है (फोटो: आईएएनएस)
गाजियाबाद | केंद्रीय राज्यमंत्री एवं गाजियाबाद के सांसद जरनल वीके सिंह की बेटी मृणालिनी सिंह ने थाना विजयनगर में शहर सीट से बीजेपी विधायक अतुल गर्ग के प्रतिनिधि अजय राजपूत पर FIR दर्ज करवाई है.
उन पर ये आरोप लगा रहा है कि निकाय चुनाव में पैसे लेकर टिकट बांटे गए हैं. FIR में मृणालिनी सिंह ने लिखा – ‘अजय राजपूत नाम के व्यक्ति ने अपने फोन के स्टेटस पर मेरे लिए पैसे लेकर टिकट देने के आरोप लगाए हैं. इससे समाज में मेरी छवि खराब हुई है और मानसिक तौर पर परेशानी हो रही है.’
विजयनगर थाना पुलिस ने इस मामले में अजय राजपूत नामक व्यक्ति पर आई टी एक्ट की धारा 66 और आईपीसी की धारा-501 के तहत मुकदमा दर्ज किया हैं और मामले में जांच शुरू कर दी है.
गौरतलब है कि अजय राजपूत वर्तमान में शहर सीट से बीजेपी विधायक अतुल गर्ग के प्रतिनिधि हैं. अतुल गर्ग योगी 1.0 सरकार में राज्यमंत्री भी रहे हैं. इनके प्रतिनिधि पर FIR होने का मतलब ये है कि गाजियाबाद में भाजपाइयों में अंदरूनी कलह अब खुलकर सामने आ गई है जो अब मुकदमेबाजी तक पहुंच गई है.
गाजियाबाद में इस बार बीजेपी में टिकट वितरण को लेकर खूब घमासान मचा है. विधायक तक ने रुपए लेकर टिकट बांटने के आरोप लगाए हैं. 24 अप्रैल यानि नामांकन वाले दिन जहां विधायक के कैंप कार्यालय पर कार्यकर्ताओं में लात-घूंसे चले थे. वहीं मेयर प्रत्याशी के चुनाव कार्यालय पर भी कई घंटे तक हंगामा चला था. इस हंगामे के वक्त केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह की बेटी मृणालिनी सिंह खुद मौजूद थीं. उनसे भी कुछ कार्यकतार्ओं की नोकझोंक हुई थी.
आईएएनएस
