“सोनिया गांधी और राहुल जाएंगे जेल”
सुब्रमण्यम स्वामी (फाइल फोटो | ट्विटर वाया आईएएनएस)
पटना | पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा के दिग्गज नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने शनिवार को दावा किया कि नेशनल हेराल्ड मामले में सोनिया गांधी और राहुल गांधी सहित कांग्रेस के शीर्ष नेता जेल जाएंगे.
नेशनल हेराल्ड मामला स्वामी ने उठाया था. उन्होंने गांधी परिवार पर पार्टी फंड का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया था. उनका आरोप था कि पार्टी फंड से उस फर्म को खरीदा गया था जो नेशनल हेराल्ड अखबार का प्रकाशन करती थी.
छात्रों के एक सम्मेलन में भाग लेते हुए स्वामी ने कहा, “आज सोनिया गांधी और राहुल जमानत पर बाहर हैं. मैंने राहुल गांधी के बारे में बहुत सारी बातें कही थी लेकिन किसी ने मुझे जेल नहीं भेजा.”
यह पूछे जाने पर कि क्या नीतीश कुमार 2024 के लोकसभा चुनाव में संयुक्त विपक्ष के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे स्वामी ने कहा, “नीतीश कुमार जेपी आंदोलन के दिनों से मेरे अच्छे दोस्त हैं, लेकिन उन्होंने कभी नहीं कहा कि वह प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार हैं मैं आज उनसे मिलूंगा और इस संबंध में उनसे बात करूंगा.”
भारत का दुनिया में सबसे अधिक आबादी वाला देश बनने के बारे में पूछे जाने पर और क्या जनसंख्या नियंत्रण अधिनियम होना चाहिए, स्वामी ने कहा कि वह इस तरह के अधिनियम में विश्वास नहीं रखते हैं. उन्होंने कहा कि अगर देश में आर्थिक विकास होता है तो जनसंख्या नियंत्रण में आ जाएगी. स्वामी ने कहा, जनसंख्या वृद्धि को कम करने के लिए हमें आर्थिक विकास दर को सालाना 10 फीसदी बढ़ाना होगा.
मारे गए गैंगस्टर अतीक अहमद के पक्ष में पटना में लगे नारों के बारे में पूछे जाने पर स्वामी ने कहा कि भारत एक लोकतांत्रिक देश है और कोई भी कुछ भी कह सकता है. हालांकि, जो लोग अतीक अहमद के पक्ष में नारे लगा रहे हैं, वह केवल खुद को नुकसान पहुंचा रहे हैं.
आईएएनएस
