सीबीआई की छापेमारी के दौरान विधायक ने तालाब में फेंके मोबाइल फोन, गिरफ्तार

Jeevan Krishna Saha (1)
The Hindi Post

कोलकाता | केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने 65 घंटे की मैराथन छापेमारी के बाद सोमवार को पश्चिम बंगाल में करोड़ों रुपये के शिक्षक भर्ती घोटाले के सिलसिले में तृणमूल कांग्रेस के विधायक जीबन कृष्णा साहा को गिरफ्तार कर लिया.

सीबीआई के अधिकारी विधायक को कोलकाता ला रहे हैं, जहां उनका मेडिकल परीक्षण होगा और उसके बाद उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा.

साहा तीसरे तृणमूल कांग्रेस विधायक हैं जिन्हें शिक्षक भर्ती घोटाले के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है.

पिछले साल जुलाई में इसी मामले की समानांतर जांच कर रहे प्रवर्तन निदेशालय (ईडी/ED) ने राज्य के पूर्व शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी को गिरफ्तार किया था.

इसके अलावा 2022 में, ED ने पश्चिम बंगाल बोर्ड ऑफ प्राइमरी एजुकेशन के पूर्व अध्यक्ष माणिक भट्टाचार्य को गिरफ्तार किया था. माणिक नदिया जिले के पलाशीपारा विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस के विधायक हैं.

सीबीआई सूत्रों ने कहा कि साहा के आवास पर छापेमारी के दौरान, CBI ने सरकारी स्कूलों में शिक्षण और गैर-शिक्षण कर्मचारियों के रूप में 3,200 उम्मीदवारों की भर्ती से संबंधित कागजी और डिजिटल दोनों तरह के दस्तावेज बरामद किए हैं.

जब छापेमारी चल रही थी, तब साहा ने अपने दो मोबाइल फोन आवास के बगल के एक तालाब में फेंक दिए थे. हालांकि सीबीआई के अधिकारी एक फोन को ट्रैक करने में सक्षम रहे हैं पर दूसरा मोबाइल अभी नहीं मिला हैं.

आईएएनएस


The Hindi Post
error: Content is protected !!