“माफियागिरी पहले ही खत्म हो चुकी थी, अब तो खाली रगड़ा जा रहा है….”: अतीक अहमद
उमेश पाल हत्याकांड में पूछताछ के लिए अतीक अहमद को गुजरात की साबरमती जेल से प्रयागराज लाया जा रहा हैं. उसको अदालत में पेश किया जाएगा. इसके बाद उसे नैनी जेल लेकर जाया जाएगा.
यूपी पुलिस को सौंपे जाने के बाद अतीक ने मंगलवार को कहा था “ये लोग मुझे मारना चाहते है, इनकी नीयत ठीक नहीं हैं”.
अब अतीक ने एक नया बयान दिया हैं. दरअसल, अतीक अहमद को गुजरात से ला रहा पुलिस का काफिला बुधवार सुबह करीब सवा घंटे के लिए झांसी पुलिस लाइन में रुका. इस दौरान पुलिस लाइन के आसपास भारी सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम थे. यहां पर अतीक ने मीडिया से कहा कि उसे साबरमती जेल में बहुत परेशान किया जा रहा है.
जब उससे पूछा गया कि क्या उसने उमेश पाल की हत्या की साजिश रची और जेल से फोन किया तो उसने कहा, “मैंने वहां से कोई फोन नहीं किया. वहां पर जैमर लगे हुए हैं. मैंने जेल से कोई साजिश नहीं रची. छह साल से मैं जेल में हूं. मेरा परिवार पूरी तरह से बर्बाद हो गया है. माफियागिरी पहले ही खत्म हो चुकी थी. अब तो खाली रगड़ा जा रहा है.”
उमेश पाल हत्याकांड के सवालों पर अतीक ने जवाब दिया. उसने कहा, “मैं जेल में था, मुझे इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है. यह एक आरोप हैं. मुझे बेटे असद के बारे में कोई जानकारी नहीं है. मेरे परिवार को दूर रखें, औरतों और बच्चों को परेशान न करें.”
गौरतलब हैं कि उमेश पाल की 24 फरवरी को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. उमेश की सुरक्षा में तैनात दो सुरक्षाकर्मी भी शूटआउट में शहीद हो गए थे.
पाल की पत्नी जया पाल ने अतीक, उसके भाई अशरफ, उसकी पत्नी शाइस्ता परवीन, दो बेटों और 11 अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कराया है.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
