थार कांड : जिस घटना ने शहर को झकझोर दिया उसमें हुआ यह बड़ा एक्शन
Photo Via IANS
नोएडा | नोएडा के सेक्टर-53 में दो दिन पहले हुई मारपीट की घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है. इस मामले में अब पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना सेक्टर-24 के प्रभारी निरीक्षक श्यामबाबू शुक्ला और गिझोड़ चौकी प्रभारी उप-निरीक्षक जगमोहन सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है.
जानकारी के अनुसार, मारपीट की यह घटना 2 जून को सेक्टर-24 थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई थी जिसमें दो पक्षों के बीच विवाद के दौरान दो भाइयों पर जानलेवा हमला किया गया था. सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि दर्जनों लोगों ने मिलकर दो भाइयों को बेरहमी से पीटा था. हमलावरों ने ईंट-पत्थरों से वार किया था और एक पीड़ित को थार गाड़ी से कुचलने की कोशिश भी की थी.
यह घटना न केवल दिल दहला देने वाली थी बल्कि कानून-व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है. मामले की गंभीरता के बावजूद, थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी ने न केवल घटना को वरिष्ठ अधिकारियों से छिपाया बल्कि एफआईआर भी बेहद हल्की धाराओं में दर्ज की.
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कोई ठोस प्रयास नहीं किए गए. यह पुलिस विभाग में लापरवाही, अनुशासनहीनता और कर्तव्यों के प्रति उदासीनता का स्पष्ट उदाहरण माना गया. सोशल मीडिया पर मामले के वायरल होने के बाद पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने तत्काल संज्ञान लेते हुए दोनों अधिकारियों को निलंबित करने का आदेश जारी किया है.
इसके साथ ही विभागीय जांच के निर्देश भी दिए गए हैं जिससे घटना के सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जा सके. पुलिस विभाग की इस कार्रवाई को आमजन और सोशल मीडिया पर जनता का समर्थन भी मिल रहा है. लोग उम्मीद जता रहे हैं कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं पर सख्त नजर रखी जाएगी. गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने साफ कर दिया है कि लापरवाह अधिकारियों को अब बख्शा नहीं जाएगा और कानून के रखवालों को भी जवाबदेह बनना होगा.
IANS
