समुदाय का अजीबोगरीब फैसला, सिर्फ क्लीन शेव दूल्हा ही विवाह समारोह में ले सकता है भाग

Marriage

सांकेतिक तस्वीर (IANS)

The Hindi Post

जयपुर | राजस्थान में सामूहिक विवाह समारोहों का आयोजन करने वाली एक स्थानीय समिति ने एक अजीबोगरीब फैसला किया है. फैसले के मुताबिक ऐसे आयोजनों में केवल क्लीन शेव दूल्हा ही भाग ले सकता है. लंबी दाढ़ी वाले युवकों को वापस भेज दिया जाएगा.

यह निर्णय श्री क्षत्रिय कुमावत सामूहिक विवाह समिति द्वारा बुलाई गई बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया, जो 30 मार्च को सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन करेगी.

समिति के अधिकारियों ने निर्देश दिया है कि शादी में सिर्फ क्लीन शेव दूल्हों को ही शामिल होने की अनुमति दी जाएगी और दाढ़ी रखने वालों को वापस भेज दिया जाएगा.

यह फैसला गोविन्दगढ़ में हुई बैठक में लिया गया. इस बैठक में समिति के अध्यक्ष सत्यनारायण मवार व सचिव छोटूराम मावल ने कहा कि भारतीय संस्कृति के प्रचार-प्रसार के लिए दूल्हों को क्लीन शेव में आने का निर्देश दिया गया है. वेस्टर्न कल्चर के तहत, कई दूल्हे अपनी शादी के लिए लंबी दाढ़ी रख लेते है. यह देखने में ठीक नहीं लगता. इससे कई बार उनकी पहचान छिपी रहती है.

समिति के सभी सदस्यों ने इस आदेश पर अपनी सहमति दी और स्वीकार किया कि विवाह समारोह में केवल क्लीन शेव दूल्हों को आने की अनुमति दी जाएगी.

सूत्रों ने बताया कि अब तक नौ जोड़ों ने नियमों का पालन करते हुए शादी के लिए पंजीकरण कराया है.

आईएएनएस


The Hindi Post
error: Content is protected !!