एयरहोस्टेस की मौत मामला : पुलिस ने बॉयफ्रेंड को किया गिरफ्तार
Image Via IANS
बेंगलुरु | बेंगलुरु में तीन दिन पहले एक एयरहोस्टेस की मौत हो गई थी. पुलिस ने अब मृतका के बॉयफ्रेंड को गिरफ्तार कर लिया है. उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने सोमवार को कहा कि एयरहोस्टेस की मौत के मामले में हुई जांच में साजिश का खुलासा हुआ है.
11 मार्च को अपने बॉयफ्रेंड से मिलने के लिए दुबई से बेंगलुरू आई एयरहोस्टेस की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी. एयरहोस्टेस ने कथित तौर पर अपार्टमेंट से कूदकर जान दे दी थी. पुलिस इसके हत्या का मामला मान रही है.
पुलिस सूत्रों ने कहा कि हालांकि, शुरुआत में यह आत्महत्या का मामला लग रहा था लेकिन यह मानने के पर्याप्त कारण हैं कि यह दरअसल, हत्या का केस है. घटना के समय महिला का दोस्त आदेश फ्लैट में मौजूद था और उसने ही पुलिस को घटना की जानकारी दी थी.
लेकिन उस रात उनके बीच क्या हुआ था इस बारे में कोई जानकारी उपलब्ध नहीं है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. यह घटना कोरमंगला इलाके में रेणुका रेजिडेंसी के परिसर में शुक्रवार आधी रात को हुई थी. 28 साल की महिला हिमाचल प्रदेश की रहने वाली थी. उसने कथित तौर पर अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से छलांग लगा दी थी.
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि वह एक प्रतिष्ठित एयरलाइन के लिए काम करती थी. वह दुबई से अपने बॉयफ्रेंड आदेश से मिलने आई थी.
आदेश केरल का रहने वाला है और बेंगलुरु में काम करता है. पुलिस का कहना है कि दोनों कई सालों से रिलेशनशिप में थे.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
(इनपुट्स: आईएएनएस)
