सतीश कौशिक मौत मामला: विकास मालू की पत्नी को दिल्ली पुलिस ने किया समन, जांच में शामिल होने को कहा
File Photo: Social Media
नई दिल्ली | बिजनेसमैन विकास मालू की पत्नी को अभिनेता-फिल्म निर्माता सतीश कौशिक की मौत के मामले में हो रही जांच में शामिल होने के लिए बुलाया गया है. हालांकि, वह अभी तक जांच में शामिल नहीं हुई हैं.
बिजनेसमैन विकास मालू की पत्नी ने दिल्ली पुलिस को दी अपनी शिकायत में दावा किया है कि उनके पति ने कथित तौर पर कौशिक की हत्या 15 करोड़ रुपये के लिए की है. उन्होंने अपनी शिकायत में यह भी कहा कि विकास ने १५ करोड़ रूपए दुबई में निवेश के उद्देश्य से सतीश कौशिक से लिए थे.
विकास मालू उस फार्महाउस के मालिक हैं, जहां मौत से एक दिन पहले कौशिक एक पार्टी में शामिल हुए थे.
अधिकारियों के मुताबिक, मालू की पत्नी को जांच में शामिल होने के लिए रविवार को तलब किया गया था.
इस बीच, पुलिस ने 8 मार्च (होली वाले दिन) को बिजवासन स्थित फार्महाउस में हुई पार्टी में शामिल हुए 20 लोगों से भी पूछताछ की है और उनके बयान दर्ज किए है.
विकास की पत्नी ने दावा किया है कि 23 अगस्त 2022 को सतीश कौशिक उनके दुबई वाले घर पर आए थे और पति (विकास) से 15 करोड़ रुपये वापस देने को कहा था.
उन्होंने दुबई में हुई एक पार्टी में क्लिक की गई विकास और सतीश की एक तस्वीर भी शेयर की. महिला का आरोप है कि पार्टी में अंडरवल्र्ड डॉन दाऊद इब्राहिम का बेटा भी मौजूद था.
“मेरे पति ने कौशिक से वादा किया था कि वह जल्द ही पैसे चुका देंगे. जब मैंने अपने पति से इस बारे में पूछा, तो उन्होंने कहा कि सतीश कौशिक के पैसे कोविड महामारी के दौरान डूब गए. मेरे पति ने यह भी कहा कि वह कौशिक से छुटकारा पाने की योजना बना रहे हैं.” अपनी शिकायत में विकास की पत्नी ने पति पर नशे का कारोबार करने का आरोप लगाया.
बॉलीवुड के जाने-माने अभिनेता-निर्देशक सतीश कौशिक (66) की मौत की जांच पर टिप्पणी करते हुए दिल्ली पुलिस ने शनिवार को कहा था कि अब तक की गई उनकी जांच में उन्हें कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
(इनपुट्स: आईएएनएस)
