UP: ‘रिश्वत’ मांगने का वीडियो वायरल होने के बाद आईपीएस अधिकारी के खिलाफ जांच

IPS Anirudh Singh (1)
The Hindi Post

लखनऊ | उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ने एक वायरल वीडियो की जांच करने के आदेश दिए हैं. इस वीडियो में आईपीएस अधिकारी अनिरुद्ध सिंह कथित रूप से रिश्वत मांग रहे हैं.

पुलिस आयुक्त, वाराणसी को वीडियो की प्रामाणिकता की जांच करने के लिए कहा गया है. बताया जा रहा है कि यह वीडियो लगभग दो साल पुराना है.

पुलिस कमिश्नर अगले तीन दिन में अपनी रिपोर्ट सौंपेंगे.

अनिरुद्ध सिंह वर्तमान में पुलिस अधीक्षक (मेरठ ग्रामीण) के पद पर तैनात हैं. वीडियो उस समय का है जब सिंह वाराणसी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात थे.

मेरठ जिले में एसपी ग्रामीण के पद पर नियुक्त आईपीएस अधिकारी अनिरुद्ध सिंह का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह वीडियो कॉल के जरिए एक व्यक्ति से बातचीत करते नजर आ रहे हैं. उक्त वीडियो के आधार पर सिंह पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए जा रहे हैं.

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी इस वीडियो को ट्वीट किया और यूपी सरकार को घेरते हुए लिखा, “उप्र में एक आईपीएस की वसूली के इस वीडियो के बाद क्या बुलडोज़र की दिशा उनकी तरफ़ बदलेगी या फिर फ़रार आईपीएस की सूची में एक नाम और जोड़कर संलिप्त भाजपा सरकार ये मामला भी रफ़ा-दफ़ा करवा देगी. उप्र की जनता देख रही है कि ये है अपराध के प्रति भाजपा की झूठी ज़ीरो टालरेंस की सच्चाई.”

अनिरुद्ध सिंह की पत्नी आईपीएस अधिकारी आरती सिंह से संबंधित एक शिकायत की भी जांच के आदेश दिए गए हैं.

एक ट्वीट के जरिए डीजीपी मुख्यालय को इस आरोप का पता चला है कि वाराणसी में पुलिस उपायुक्त के पद पर तैनात आरती सिंह ने फ्लैट मालिक को किराया नहीं दिया है.

हालांकि पूछताछ के बाद पता चला कि वह पहले ही किराए का भुगतान कर चुकी है.

वाराणसी के पुलिस आयुक्त मामले की जांच करेंगे और तीन दिन के भीतर रिपोर्ट सौंपेंगे.

आईएएनएस


The Hindi Post
error: Content is protected !!