जेल में भगवद गीता पढ़ेंगे मनीष सिसोदिया, चश्मा, डायरी और पेन भी रखेंगे साथ
File Photo
नई दिल्ली | आम आदमी पार्टी नेता और दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को तिहाड़ जेल की सेंट्रल जेल नंबर एक में रखा जाएगा. अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी.
जेल अधिकारियों के अनुसार सभी फॉर्मलिटीज पूरी करने के बाद सिसोदिया को जेल नंबर एक में रखा जाएगा.
जब अधिकारियों से यह पूछा गया कि जेल के अंदर सिसोदिया ने चश्मा, भगवद गीता, एक डायरी और एक पेन की मांग की है, तो उन्होंने कहा कि वह लोग कोर्ट का पूरा आदेश पढ़ेंगे.
आपको बता दे कि कोर्ट ने मनीष सिसोदिया को जेल में भगवद गीता, पेन और डायरी साथ रखने की इजाजत दी है. यह मांग सिसोदिया की तरफ से उनके वकील ने कोर्ट से की थी. कोर्ट ने इस पर अपनी स्वीकृति दी है. कोर्ट ने जेल प्रशासन को आदेश दिया है कि उनको जरुरी दवाएं मुहैया कराई जाए.
कथित शराब घोटाला मामले में दिल्ली की एक अदालत ने मनीष सिसोदिया को 20 मार्च तक न्यायिक हिरासत में भेजा है. इस कथित घोटाले की सीबीआई जांच कर रही है.
केंद्रीय एजेंसी की ओर से कोर्ट में पेश हुए वकील ने कहा कि इस स्तर पर वे और सीबीआई रिमांड की मांग नहीं कर रहे हैं, लेकिन अगले 15 दिनों में वे इसकी मांग कर सकते हैं.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
(इनपुट्स: आईएएनएस)
