उमेश पाल हत्याकांड: गोलियां बरसाने के बाद गाड़ी छोड़ भागे थे बदमाश, अतीक अहमद के घर के पास मिली वही कार
Photo: Social Media
प्रयागराज (उप्र) | प्रयागराज पुलिस ने, जेल में बंद माफिया डॉन अतीक अहमद के घर के पास से एक लावारिस हुंडई केट्रा कार जब्त की है.
एक पुलिस प्रवक्ता ने बताया, “बिना नंबर प्लेट वाली इस कार का इस्तेमाल कथित तौर पर बसपा विधायक राजू पाल की हत्या के मुख्य गवाह उमेश पाल की हत्या में किया गया था. इस हत्या में अतीक अहमद और उसका भाई अशरफ आरोपी हैं”.
उमेश पाल की शुक्रवार शाम को उनके घर के सामने गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.
पाल की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से पता चला है कि उन्हें सात गोली मारी गई थी. रिपोर्ट में कहा गया है कि उनके शरीर पर 13 चोट के निशान थे.
उमेश पाल को गोली मारने वाले हमलावरों की तलाश के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस ने 10 टीमों का गठन किया है.
पुलिस टीमें बड़े पैमाने पर प्रयागराज के सभी निकास मार्गों की जांच कर रही हैं. बस स्टैंड और हवाई अड्डे शामिल पर भी नजर राखी जा रही हैं. पुलिस को संदेह है कि हमलावरों ने अभी तक शहर नहीं छोड़ा है.
उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (यूपी एसटीएफ) की लखनऊ टीम प्रयागराज पहुंच गई है. इस टीम में एक एडिशनल एसपी रैंक के अधिकारी और लखनऊ के दो डिप्टी एसपी रैंक के अधिकारी शामिल है. पुलिस आरोपियों के ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.
प्रयागराज पुलिस ने उमेश पाल हत्याकांड में अतीक के भाई, पत्नी शाइस्ता प्रवीण और उनके दो बेटों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है और 14 लोगों को गिरफ्तार किया है.
अतीक अहमद के बेटों समेत कुल 14 संदिग्धों सेपूछताछ की जा रही है.
राजू पाल हत्याकांड में अतीक अहमद, उनके भाई और पूर्व विधायक अशरफ मुख्य आरोपी हैं. सभी आरोपी फिलहाल जेल में बंद हैं.
पुलिस उमेश पाल के संपत्ति विवादों की भी जांच कर रही है.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
(इनपुट्स: आईएएनएस)
