राजकीय सम्मान के साथ हुआ दिवंगत मंत्री का अंतिम संस्कार, श्रद्धांजलि देने पहुंचे सीएम पटनायक, क्राइम ब्रांच ने आरोपी से की पूछताछ
मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने भुवनेश्वर में नब किशोर दास के आधिकारिक आवास पर उन्हें श्रद्धांजलि दी
भुवनेश्वर | ओडिशा के दिवंगत स्वास्थ्य मंत्री नब किशोर दास की अंत्येष्टि सोमवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनके गृह नगर झारसुगुड़ा में की गई. दास को रविवार को एक पुलिसकर्मी ने गोली मार दी थी.
कई मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और उनके हजारों समर्थकों की मौजूदगी में झारसुगुड़ा के खेरुल मैदान में दिवंगत नेता की अंत्येष्टि की गई. दास के बेटे विशाल ने हिंदू परंपरा के अनुसार चिता को मुखाग्नि दी.
दास का पार्थिव शरीर जब झारसुगुड़ा पहुंचा तो बड़ी संख्या में लोग अपने प्रिय नेता को अंतिम श्रद्धांजलि देने उनके घर पहुंचे.
दिवंगत नेता के समर्थकों ने ओडिशा पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की और आरोपी के लिए मौत की सजा की मांग की.
इससे पहले दिन में, ओडिशा के राज्यपाल गणेशी लाल और मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने भुवनेश्वर में दास के आधिकारिक आवास पर उन्हें श्रद्धांजलि दी.
इस बीच क्राइम ब्रांच ने इस हाईप्रोफाइल मर्डर केस की जांच शुरू कर दी है. एडीजी, अपराध शाखा, अरुण बोथरा और आईजीपी, उत्तरी रेंज, दीपक कुमार ने एएसआई गोपाल दास से पूछताछ की. गोपाल दास ने कथित तौर पर अपनी सरकारी पिस्तौल से गोली मारकर मंत्री की हत्या कर दी थी.
पुलिस टीम ने इस घटना की जानकारी देने वाले और चश्मदीदों से पूछताछ की. टीम ने मौके का दौरा किया और सबूत जुटाए. टीम ने आरोपी एएसआई की 9 एमएम पिस्टल और 3 राउंड जिंदा कारतूस और मोबाइल हैंडसेट भी जब्त कर लिया. क्राइम ब्रांच ने कहा कि आग्नेयास्त्रों, हथियारों और गोला-बारूद को बैलिस्टिक जांच के लिए भेजा जाएगा.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क/आईएएनएस
