दिल्ली पुलिस ने Flipkart को भेजा नोटिस, यहीं से आरोपी ने खरीदा था तेजाब

Delhi Acid Attack Case CCTV (1)

स्कूली छात्रा पर तेजाब से हमला करते हुए लड़के. यह घटना हुई थी CCTV में कैद (फाइल)

The Hindi Post

नई दिल्ली | बुधवार को दिल्ली में एक चौंकाने वाली घटना हुई थी. यहां बाइक सवार दो युवकों ने 17 वर्षीय स्कूली छात्रा पर तेजाब से हमला कर दिया था. इससे छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई. पुलिस को जांच में पता चला कि आरोपियों ने फ्लिपकार्ट से तेजाब की खरीद की थी. अब पुलिस ने फ्लिपकार्ट को नोटिस जारी कर दिया है.

बाजार में तेजाब की बिक्री प्रतिबंधित है लेकिन सचिन अरोड़ा नाम के आरोपी ने इसे ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म से ऑनलाइन खरीदा था.

17 वर्षीय किशोरी पर बुधवार सुबह द्वारका मोड़ के पास उस समय तेजाब से हमला किया गया था जब वो स्कूल जा रही थी. इस घटना के सिलसिले में तीन लोगों को पकड़ा गया है. पीड़ित छात्रा के पिता ने बुधवार को मीडिया को बताया था कि एसिड बेटी की दोनों आँखों में चला गया है.

एक अधिकारी ने बताया कि सचिन ने दो अन्य लोगों – हर्षित अग्रवाल उर्फ हनी (19) और वीरेंद्र सिंह उर्फ सोनू (22) के साथ मिलकर लड़की पर तेजाब फेंकने की साजिश रची थी.

तीनों आरोपी उसी मोहल्ले के रहने वाले हैं जहां युवती रहती है.

एक पुलिस अधिकारी ने कहा, “घटना के समय हर्षित बाइक चला रहा था, जबकि वीरेंद्र ने आपराधिक साजिश का हिस्सा बनकर आरोपी व्यक्तियों की मदद की.”

घटना से पहले सुबह के समय, वीरेंद्र, सचिन की स्कूटी और मोबाइल फोन को दूसरी जगह ले गया (घटनास्थल से दूर). ऐसा उसने इसलिए किया था ताकि अगर जांच हो तो वो पुलिस वालों को गुमराह कर सके.

पुलिस ने कहा कि तकनीकी सबूतों के आधार पर यह पाया गया है कि अरोड़ा ने तेजाब फ्लिपकार्ट से खरीदा था और भुगतान पेटीएम के माध्यम से किया गया था.

इस बीच, दिल्ली महिला आयोग ने गुरुवार को फ्लिपकार्ट और अमेजन दोनों को अपने प्लेटफॉर्म पर एसिड बेचने के लिए नोटिस जारी किया.

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क/आईएएनएस

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!