हेयर ट्रांसप्लांट कराने के बाद हुई शख्स की दर्दनाक मौत, मृतक के परिवार ने दर्ज कराई शिकायत
सांकेतिक तस्वीर (फोटो क्रेडिट: हिंदी पोस्ट)
नई दिल्ली | दिल्ली में हेयर ट्रांसप्लांट कराने वाले एक शख्स की मौत हो गई है. राजधानी के एक क्लिनिक में हेयर ट्रांसप्लांट कराने के बाद कथित चिकित्सकीय लापरवाही के चलते 30 वर्षीय एक व्यक्ति की जान चली गई.
रिपोर्ट्स के अनुसार, पीड़ित व्यक्ति जिसकी पहचान अतहर रशीद के रूप में हुई है की कथित तौर पर असफल बाल प्रत्यारोपण उपचार के चलते मौत हो गई. रशीद के कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था. इससे उनकी हालत बिगड़ गई थी.
खबरों के मुताबिक राशिद के परिवार वालों ने पुलिस से संपर्क कर इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने ऑपरेशन करने वाले दोनों डॉक्टर्स समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है.
रशीद के परिवार में उनकी मां और दो बहनें हैं. वह परिवार में अकेला कमाने वाला था.

रशीद की मां आसिया बेगम ने कहा कि हेयर ट्रांसप्लांट सर्जरी के कारण उनके बेटे की बेहद दर्दनाक मौत हुई है.
उसने कहा कि रशीद के पूरे शरीर पर चकत्ते पड़ गए थे. इसके बाद उन्होंने सर्जरी करने वाले मेडिकल स्टाफ के खिलाफ पुलिस से संपर्क करने का फैसला किया.
आसिया बेगम ने कहा कि उन्होंने पुलिस से शिकायत इसलिए दर्ज कराई है ताकि लोगों को इस बारे में जागरूक कर सके कि हेयर ट्रांसप्लांट उपचार बिगड़ भी सकता है यानि जानलेवा भी हो सकता है.
उन्होंने कहा कि वह नहीं चाहती कि कोई और मां अपने बेटे को खोए जैसे उन्होंने खोया. उन्होंने कहा कि हेयर ट्रांसप्लांट प्रक्रिया एक छल है.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क/आईएएनएस
