श्रद्धा मर्डर केस: आफताब था अमेरिकी क्राइम शो डेक्सटर से प्रभावित, शव के टुकड़ो को रखने के लिए खरीदा था नया फ्रिज
आफताब अमीन पूनावाला (फाइल फोटो)
नई दिल्ली | दिल्ली पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है जिसने राष्ट्रीय राजधानी के महरौली इलाके में पहले तो अपनी लिव-इन पार्टनर की हत्या कर दी और फिर शव को 35 टुकड़ों में काट डाला. शव के इन टुकड़ो को हत्यारोपी ने 18 दिनों की अवधि में महरौली वन क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर फेंक दिया ताकि सबूत मिटाया जा सके.
पुलिस ने बताया कि आरोपी आफताब अमीन पूनावाला ने 18 मई 2022 को अपनी 26 वर्षीय प्रेमिका श्रद्धा वॉकर की हत्या कर उसके शरीर को 35 टुकड़ों में काट दिया था. फिर इन टुकड़ो को रखने के लिए उसने एक नया फ्रिज खरीदा. शव से उठने वाली दुर्गन्ध को कम करने के लिए आफताब अपने घर में अगरबत्ती जलाता था.
आफताब कथित तौर पर अमेरिकी क्राइम शो ‘डेक्सटर’ से प्रेरित था, जो एक ऐसे व्यक्ति की कहानी है, जो दोहरी जिंदगी जीता है.

सूत्रों ने बताया कि एक प्रशिक्षित शेफ होने के नाते आफताब चाकू का इस्तेमाल करने में माहिर था. हालांकि वारदात में प्रयुक्त चाकू अभी बरामद नहीं हुआ है.
आफताब को पुलिस सोमवार को महरौली वन क्षेत्र ले गई थी. पुलिस यहां से सबूत जुटाना चाहती है. यही वह जगह है जहां आफताब ने शव के टुकड़े फेंके थे. इस काम को अंजाम देने के लिए वो रोज रात 2 बजे अपने फ्लैट से निकलता था. शव के एक टुकड़े को वो पॉलिथीन बैग में भरकर अपने साथ ले जाता था और जंगल में फेंक देता था.
मामला 8 नवंबर को तब सामने आया, जब श्रद्धा के पिता महाराष्ट्र के पालघर से पुलिस टीम के साथ महरौली थाने में बेटी की गुमशुदगी की शिकायत लेकर पहुंचे.
श्रद्धा के पिता ने पुलिस को बताया कि 14 अक्टूबर को उनकी बेटी के दोस्त ने उन्हें बताया कि उसका श्रद्धा से पिछले ढाई महीने से कोई संपर्क नहीं हुआ है और उसका (श्रद्धा) मोबाइल फोन भी बंद है.

एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि मामले की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए एक पुलिस दल का गठन किया गया और आफताब को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान शुरू किया गया.
पुलिस टीम ने तकनीकी निगरानी की और आस-पास के इलाकों से सीसीटीवी फुटेज को स्कैन किया, जिसके बाद आफताब को हिरासत में ले लिया गया.
चौहान ने कहा, “पूछताछ पर आफताब ने खुलासा किया कि वह और श्रद्धा 2019 से मुंबई में लिव-इन रिलेशनशिप में थे. वह एक-दूसरे से डेटिंग ऐप के जरिए मिले थे.”
आफताब से मुलाकात के दौरान श्रद्धा मुंबई में एक मल्टीनेशनल कंपनी के कॉल सेंटर में काम करती थी. हालांकि, उसके परिवार को उनका रिश्ता मंजूर नहीं था. इसके बाद श्रद्धा और आफताब दिल्ली आ गया था और यही रहने लगा था.

हालांकि दोनों 2019 से एक साथ थे, लेकिन उनके बीच अक्सर झगड़े होते थे.
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) अंकित चौहान ने कहा, मई के मध्य में शादी को लेकर हुए विवाद के बाद आफताब ने श्रद्धा की गला दबाकर हत्या कर दी. फिर उसने शव के 35 टुकड़े कर दिए और 18 दिनों की अवधि में इस टुकड़ो को अलग-अलग जगह ठिकाने लगा दिया.
अधिकारी ने कहा, शरीर के बाकी हिस्सों को बरामद करने के लिए और प्रयास जारी हैं.
पीड़िता के पिता ने पुलिस को बताया कि मृतका और उसके माता-पिता उसके लिव-इन रिलेशनशिप को लेकर मतभेदों के कारण लंबे समय से एक-दूसरे के संपर्क में नहीं थे.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
(इनपुट्स: आईएएनएस)
