मसाज पार्लर में काम करने वाले का कारनामा, 9 महीने में 61 महिलाओं का किया यौन उत्पीड़न, कोर्ट ने दी इतनी सजा
सांकेतिक तस्वीर (फोटो क्रेडिट: इंग्लिश पोस्ट)
मसाज पार्लर में काम करने वाले का कारनामा, 9 महीने में 61 महिलाओं का किया यौन उत्पीड़न, कोर्ट ने दी इतनी सजा
एडिलेड (ऑस्ट्रेलिया) | भारतीय मूल के एक शख्स की घिनौनी करतूत सामने आने के बाद ऑस्ट्रेलिया की अदालत ने उसे सख्त सजा सुनाई है. दिल्ली से एडिलेड जाकर बसे 39 वर्षीय सुमित सतीश रस्तोगी को 61 महिलाओं के यौन उत्पीड़न और उनकी गरिमा से खिलवाड़ करने का दोषी पाया गया. इसके बाद कोर्ट ने उसे 13 साल 10 महीने के कारावास की सजा सुनाई. अदालत ने उसके व्यवहार को ‘पूरी तरह अनियंत्रित और खतरनाक’ करार दिया.
विश्वासघात और अश्लीलता का घिनौना खेल
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आरोपी एडिलेड के ग्लेनेलग क्षेत्र के एक मसाज पार्लर में बिना किसी वैध डिग्री या प्रशिक्षण के काम कर रहा था. उसने अक्टूबर 2021 से जुलाई 2022 के बीच महिला ग्राहकों को निशाना बनाया. पुलिस जांच में उसके खिलाफ कुल 97 अपराध साबित हुए, जिनमें 42 मामलों में गंभीर अश्लील छेड़छाड़ और 55 मामलों में थेरेपी के दौरान चोरी-छिपे वीडियो व तस्वीरें बनाना शामिल है.
बचाव की दलील खारिज, सजा के बाद देश निकाला
साउथ ऑस्ट्रेलिया डिस्ट्रिक्ट कोर्ट की जज कारमेन माटेओ ने कहा कि शख्स ने पीड़ितों के भरोसे का बेरहमी से कत्ल किया. एक पीड़िता ने बताया कि उसके हनीमून के दौरान हुई इस घटना ने उसकी जिंदगी की सबसे सुंदर याद को ताउम्र डराने वाले दुःस्वप्न में बदल दिया.
बचाव पक्ष ने दलील दी कि सुमित ‘वॉययोरिस्टिक डिसऑर्डर’ (चोरी-छिपे देखने की मानसिक विकृति) से पीड़ित है लेकिन कोर्ट ने इसे अपराध का औचित्य मानने से साफ इनकार कर दिया. अदालत ने 10 साल 10 महीने की नॉन-पैरोल अवधि तय की है. यानी इस दौरान उसे जमानत नहीं मिलेगी. सजा पूरी होने के बाद उसे ऑस्ट्रेलिया से भारत डिपोर्ट (निर्वासित) किया जा सकता है.
Hindi Post Dot In
