जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में आतंकवादियों से मुठभेड़ में सेना के 8 जवान घायल
सांकेतिक तस्वीर (फोटो क्रेडिट: आईएएनएस)
जम्मू | जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में आतंकवादियों से हुई मुठभेड़ में सेना के 8 जवान घायल हो गए. एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी.
अधिकारियों ने बताया कि आतंकवादियों के एक ग्रुप के वहां छिपे होने की सूचना मिलने के बाद संयुक्त बलों ने किश्तवाड़ के छतरू क्षेत्र के सोनार गांव में घेराबंदी और तलाशी अभियान (सीएएसओ) शुरू किया.
अधिकारियों ने बताया कि तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों का सामना दो से तीन विदेशी आतंकवादियों के एक समूह से हुआ जो कथित तौर पर पाकिस्तान स्थित जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) आतंकी संगठन से संबंधित थे. उन्होंने अंधाधुंध गोलीबारी की और घेराबंदी तोड़ने के प्रयास में कुछ ग्रेनेड भी फेंके.
सैनिकों ने जवाबी कार्रवाई की और घेराबंदी को और कड़ा करने के लिए सेना, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और पुलिस ने अतिरिक्त बल भेजे गए. शाम 5.40 बजे तक दोनों पक्षों के बीच रुक-रुक कर गोलीबारी होती रही.
गोलीबारी के दौरान आठ सैनिक घायल हो गए और उन्हें अस्पताल ले जाया गया.
अधिकारियों ने बताया कि आतंकवादियों को पकड़ने और उन्हें निष्क्रिय करने के लिए एक व्यापक तलाशी अभियान जारी है. अभियान में तेजी लाने के लिए ड्रोन सहित उन्नत निगरानी उपकरण और खोजी कुत्तों को तैनात किया गया है.
जम्मू क्षेत्र में इस साल सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच यह तीसरी मुठभेड़ है. कठुआ जिले के बिलावर क्षेत्र के कहोग और नजोते जंगलों में क्रमशः 7 और 13 जनवरी को मुठभेड़ें हुईं थी.
पिछले साल 15 दिसंबर को उधमपुर जिले के मजालता क्षेत्र के सोआन गांव में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में एक पुलिस अधिकारी शहीद हो गया था.
घने जंगल और अंधेरे का फायदा उठाकर आतंकवादी भागने में सफल रहे थे. ये मुठभेड़ें पिछले साल दिसंबर में जम्मू क्षेत्र के वन क्षेत्रों में चलाए गए एक बड़े आतंकवाद विरोधी अभियान के बाद हुईं थी जिसमें लगभग तीन दर्जन छिपे हुए आतंकवादियों को खदेड़ दिया गया था.
