71 साल के बुजुर्ग ने 6 साल के फिलिस्तीनी मुस्लिम बच्चे को उतारा मौत के घाट, 26 बार घोंपा चाकू
फोटो: आईएएनएस
इजराइल और हमास के बीच चल रहे संघर्ष से उत्तेजित, शिकागो के रहने वाले एक 71 वर्षीय शख्स ने छह वर्षीय फिलिस्तीनी-अमेरिकी बच्चे और उसकी मां पर चाकू से हमला कर दिया. इस बुजुर्ग ने बच्चे पर चाकू से 26 बार वार किया. उसके बाद महिला पर हमला किया. इस घटना में बच्चे की मौत हो गई है. अधिकारियों ने कहा कि यह हमला इसलिए हुआ क्योंकि मां-बेटा मुस्लिम थे. शिकागो पुलिस इस घटना को हेट क्राइम के तौर पर देख रही है.
बता दे कि यह बच्चा और उसकी मां, आरोपी के घर पर किराएदार के रूप में रहते थे.
रविवार को एक बयान में विल काउंटी शेरिफ कार्यालय ने कहा कि 14 अक्टूबर को सुबह 11.38 बजे, चाकूबाजी की घटना के संबंध में जानकारी मिली और मौके पर पुलिस को भेजा गया.
पुलिस ने एक घर के अंदर दो लोगों को घायल अवस्था में पड़े देखा. वही चाकूबाजी की घटना को अंजाम देने वाला शख्स – जोसेफ एम. कज़ुबा (71) घर के अंदर जाने वाले रास्ते के पास जमीन पर बैठा था.
पीड़ितों की पहचान हनान शाहीन (32) और उनके बेटे वाडिया अल-फयूम (छह) के रूप में हुई.
विल काउंटी शेरिफ कार्यालय ने कहा कि दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया जहां बाद में बच्चे ने दम तोड़ दिया.
शेरिफ कार्यालय ने बयान में कहा, बच्चे के पूरे शरीर पर 26 वार किए गए थे. डॉक्टरों ने पोस्टमॉर्टेम करने के दौरान बच्चे के पेट से चाकू निकाला. मृतक बच्चे की मां के शरीर पर भी दर्जन भर से ज्यादा घाव है. उनका गंभीर हालत में इलाज चल रहा है.
वारदात में इस्तेमाल चाकू में सात इंच लंबा ब्लेड था.
हालांकि जोसेफ एम. कज़ुबा ने इस हमले में अपनी संलिप्तता के संबंध को लेकर कोई बयान नहीं दिया है लेकिन पुलिसकर्मी सबूत इकट्ठा करने में कामयाब करे है.
विल काउंटी शेरिफ कार्यालय ने कहा, “पुलिस इस निष्कर्ष पर पहुंची है कि दोनों (मां और बेटा) को मुस्लिम होने और हमास और इजरायलियों के बीच जारी जंग के कारण निशाना बनाया गया था.”
इस बीच, देश के सबसे बड़े मुस्लिम नागरिक अधिकार और वकालत संगठन, काउंसिल ऑन अमेरिकन-इस्लामिक रिलेशंस (सीएआईआर-शिकागो) के शिकागो कार्यालय ने रविवार को हुए इस हमले को “बहुत बुरा सपना” बताया.
सीएआईआर के अनुसार, हनान और उनका बेटा वाडिया दो साल से घर के ग्राउंड फ्लोर पर रहते थे थे और मकान मालिक से उनका कोई विवाद नहीं था.
सीएआईआर ने एक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से बताया कि जोसेफ एम. कज़ुबा इजराइल और हमास की चल रही जंग से नाराज था. उसने सबसे पहले हनान शाहीन के घर का दरवाजा खटखटाया. जैसे ही शाहीन ने दरवाजा खोला उसने उनका गला घोंटने की कोशिश की और उस पर हमला करते हुए कहा ‘तुम मुसलमानों को मरना चाहिए’.
इसके बाद शाहीन बाथरूम की तरफ भागी. वही से उन्होंने 911 पर कॉल किया. दूसरी तरफ शाहीन का बेटा अपने कमरे से बाहर आ गया. जोसेफ ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया.
पुलिस ने आरोपी जोसेफ एम कज़ुबा को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपी पर फर्स्ट-डिग्री हत्या, फर्स्ट-डिग्री हत्या का प्रयास, घृणा अपराध के दो मामले और घातक हथियार से हमला करने का आरोप लगाया है. उसे अब कोर्ट में पेश किया जाएगा.
इस जघन्य घटना की निंदा करते हुए, राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा कि वह इस घटना से दुखी हैं.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
(इनपुट्स: आईएएनएस)
