सिक्किम में आया भीषण हिमस्खलन, 7 की मौत, 350 पर्यटकों को बचाया गया
Photo: IANS
गंगटोक | सिक्किम में एक बड़ा हादसा हो गया हैं. यहां हिमस्खलन की चपेट में आने से कम से कम सात पर्यटकों की मौत हो गई. मंगलवार को राष्ट्रीय राज्यमार्ग 310 का एक बड़ा हिस्सा हिमस्खलन की चपेट में आ गया.
रक्षा सूत्रों ने बताया कि सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) हिमस्खलन के कारण प्रभावित क्षेत्र में फंसे कम से कम 350 पर्यटकों को बचाने में सफल रहा है.
रक्षा प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल महेंद्र रावत ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग 310 पर गंगटोक-नाटू ला जवाहर लाल नेहरू मार्ग पर हिमस्खलन हुआ हैं.

उन्होंने कहा कि 5-6 वाहनों में सवार करीब 30 पर्यटक नाटू ला जा रहे थे, जो बर्फ में दब गए.
भारतीय सेना की त्रिशक्ति कोर के जवान और ‘प्रोजेक्ट स्वास्तिक’ के तहत बीआरओ के जवान तुरंत कार्रवाई में जुट गए, और एक बड़ा बचाव अभियान शुरू किया.
कुल 23 लोगों को जिंदा निकाल लिया गया है. उन्हें भारतीय सेना की नजदीकी चिकित्सा सुविधाओं में स्थानांतरित कर दिया गया है.
लेफ्टिनेंट कर्नल रावत ने कहा, “दुर्भाग्य से, सात पर्यटकों की मौत हो गई है. सेना, राज्य आपदा प्रबंधन टीम और पुलिस का खोज और बचाव अभियान जारी है.”

अब तक 80 वाहनों में यात्रा कर रहे कुल 350 पर्यटकों को सड़क से बर्फ हटाकर सुरक्षित निकाला जा चुका है. यह सभी पर्यटक बर्फ में फंस गए थे.
फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
(इनपुट्स: आईएएनएस)
