गुरुग्राम में दिल दहला देने वाली घटना: बारिश के पानी से भरे तालाब में नहाने उतरे 6 बच्चे, सभी डूबे
सांकेतिक तस्वीर (पिक्साबे)
गुरुग्राम | गुरुग्राम (हरियाणा) से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां पर 6 बच्चे जिनकी उम्र 8 से 13 साल के बीच थी, एक जलाशय में डूब गए है। यह हृदय विदारक घटना, गुरुग्राम के बजघेरा गांव में रविवार दोपहर को हुई।
पुलिस ने जानकारी दी कि रविवार दोपहर 3 से 4 बजे के बीच, 6 बच्चे डूब गए। इन बच्चों की पहचान पीयूष, वरुण, राहुल, अजीत, देवा और दुर्गेश के रूप में हुई। यह सभी शंकर विहार कालोनी के रहने वाले थे।
जानकारी मिलने पर, बजघेरा पुलिस स्टेशन से एक टीम मौके पर पहुंची। इसके साथ ही एसडीआरएफ और अग्निशमन विभाग की टीमें भी मौके पर पहुंची। काफी लंबे चले ऑपरेशन के बाद, बच्चों के शव पानी से बाहर निकाल लिए गए।
इस दौरान, वहां चीख पुकार मच गई।

ऐसा बताया जा रहा है कि बच्चे यहां पर नहाने आए थे और नहाने के दौरान, डूब गए। पुलिस ने मौके से बच्चों के कपड़े और चप्पलें बरामद की है।
पुलिस उपायुक्त, निशांत यादव जो मौके पर पहुंचे थे, ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि सभी बच्चे नहाने के लिए यहां आए थे और डूब गए। उन्होंने कहा कि एक बच्चा जो यहां मौजूद था, उसने शोर मचाया और अन्य बच्चों के परिवारवालों को सूचना दी। इसके बाद, बचाव दल यहां आया और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
डीसीपी पश्चिम, दीपक शरण ने कहा कि सभी शवों को मोर्चरी में रखवा दिया गया है जहां इनका पोस्टमार्टम किया जाएगा।
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
(इनपुट्स: आईएएनएस)
(इनपुट्स: आईएएनएस)
