म्यांमार में फिर आया भूकंप, इतनी थी इसकी तीव्रता
Image: IANS
नेपीडॉ | पड़ोसी देश म्यांमार में 28 मार्च को शक्तिशाली भूकंप आया था. इसके एक दिन बाद यानि शनिवार (29 मार्च) को एक बार फिर भूकंप के झटके महसूस किए गए. इस बार भूकंप की तीव्रता 5.1 रही. यह जानकारी यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे (यूएसजीएस) ने दी. शुक्रवार को आए भूकंप में म्यांमार में 1,000 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई.
शनिवार को नेपीडॉ (म्यांमार की राजधानी) के पास दोपहर 2.50 भूकंप आया. इसका केंद्र 10 मीटर की गहराई पर था. अभी यह नहीं पता चला है कि क्या इस भूकंप से जानमाल को नुकसान हुआ है या नहीं.
म्यांमार की राज्य प्रशासन परिषद की सूचना टीम के अनुसार, म्यांमार में शुक्रवार को आए भूकंप में कम से कम 1,002 लोग मारे गए, 2,376 घायल हुए और 30 लोग लापता हैं.
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, मांडले, बागो, मैगवे, उत्तर-पूर्वी शान राज्य, सागाइंग और ने-पी-ताव सबसे अधिक भूकंप प्रभावित इलाके हैं.
म्यांमार सरकार ने राष्ट्र में आपातकाल की घोषणा कर दी है. आपातकालीन टीमें जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए लगातार काम कर रही हैं.
म्यांमार के वरिष्ठ नेता जनरल मिन आंग ह्लाइंग ने स्थानीय और अंतरराष्ट्रीय समुदायों से मानवीय सहायता की अपील की है.
भारत इस मुश्किल वक्त में अपने पड़ोसी की हर संभव मदद कर रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को म्यांमार के वरिष्ठ जनरल महामहिम मिन आंग ह्लाइंग से बात की. उन्होंने कहा कि भारत इस मुश्किल घड़ी में म्यांमार के लोगों के साथ एकजुटता से खड़ा है.
