बहुत ही भयानक: पब में लगी भीषण आग, 27 की मौत, दर्जनों घायल
फोटो: आईएएनएस
बहुत ही भयानक: पब में लगी भीषण आग, 27 की मौत, दर्जनों घायल, BIG NEWS
बैंकॉक | थाईलैंड के चतुचक (Chatuchak) जिले में लात फराव रोड के पास स्थित एक पब में भीषण आग लगने से 27 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई और दर्जनों अन्य घायल हो गए. स्थानीय मीडिया के अनुसार, आग रविवार देर रात करीब 11:57 बजे लगी जिसे बाद में बुझा लिया गया. सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पतालों में भर्ती कराया गया है.
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल सोमवार तड़के करीब 1:44 बजे घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने बताया कि अधिकांश पीड़ितों की मौत दम घुटने (धुआं फेफड़ों में भरने) के कारण हुई है. फिलहाल आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है.
22 घायलों की हालत नाजुक, बुझने के बाद भी बजते रहे फोन
बैंकॉक के गवर्नर चाडचार्ट सित्तीपुंट ने बताया कि इस भीषण हादसे में घायल हुए 63 लोगों में से 22 की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है. उन्होंने कहा कि आपातकालीन (इमरजेंसी) कॉल मिलने के तुरंत बाद ही दमकलकर्मी मौके पर पहुंच गए थे लेकिन तब तक आग पब के भीतर बहुत तेजी से फैल चुकी थी.
गवर्नर ने बताया कि अब तक 27 मृतकों में से केवल छह की ही औपचारिक पहचान हो सकी है. “फिलहाल हमारी प्राथमिकता मृतकों और घायलों के परिवारों से संपर्क करना है.”
स्थानीय मीडिया के अनुसार, बचावकर्मियों को मौके से कई मोबाइल फोन मिले. हादसे के बाद भी इन फोनों पर परिजनों और दोस्तों के कॉल आ रहे थे. बचावकर्मियों ने फोन कॉल्स अटेंड किए और बात करके पीड़ितों की पहचान स्थापित की.
स्टेज के पास शॉर्ट सर्किट से धमाका, दम घुटने से मौत
हादसे में जीवित बचे लोगों ने स्थानीय मीडिया को बताया कि स्टेज के पास लगे एक सर्किट ब्रेकर से उन्होंने गाढ़ा धुआं निकलता हुआ देखा था. इसके तुरंत बाद बिजली गुल हो गई और एक जोरदार धमाका हुआ और फिर आग फैल गई.
गवर्नर चाडचार्ट ने प्रारंभिक निरीक्षण के बाद बताया कि तेजी से फैला जहरीला धुआं ही मौतों का मुख्य कारण हो सकता है. उन्होंने कहा कि बिजली कटने के बाद पब में पूरी तरह अंधेरा छा गया था जिससे लोग दिशा भ्रमित (दिशाहीन) हो गए और आपातकालीन निकास (इमरजेंसी एग्जिट) तक नहीं पहुंच सके.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस पब को रेस्टोरेंट के रूप में लाइसेंस मिला हुआ था और यहां दो इमरजेंसी एग्जिट थे. अधिकारी अब इस बात की जांच कर रहे हैं कि आग लगने के वक्त क्या इनमें से कोई निकास द्वार बंद या अवरुद्ध था. मारे गए 27 लोगों में 9 पुरुष और 18 महिलाएं शामिल हैं जिनमें से अधिकांश के शव पब के वॉशरूम के पास से बरामद हुए हैं.
IANS/Hindi Post Dot In
