राष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिता के दौरान नाबालिग खिलाड़ी से दुष्कर्म का आरोप, FIR दर्ज

First Information Report FIR (1) (1)
The Hindi Post

राष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिता के दौरान नाबालिग खिलाड़ी से दुष्कर्म का आरोप, FIR दर्ज

 

फरीदाबाद | राष्ट्रीय स्तर की 17 वर्षीय नाबालिग खिलाड़ी (शूटर) ने अपने कोच पर यौन उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगाया है. शूटर के साथ यौन उत्पीड़न की यह कथित घटना फरीदाबाद के एक होटल में पिछले महीने दिसंबर में घटी थी. अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि इस संबंध में फरीदाबाद में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है.

फरीदाबाद में दर्ज एफआईआर के अनुसार, कोच ने राष्ट्रीय स्तर की शूटर के साथ यौन उत्पीड़न किया और उसका करियर बर्बाद करने की धमकी दी. शूटर ने आरोप लगाया है कि कोच ने उसके प्रदर्शन के बारे में बात करने के बहाने उसे अपने होटल के कमरे में आने के लिए मजबूर किया था.

इतने गंभीर आरोपों के बाद, नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) ने कोच को निलंबित कर दिया है. पुलिस के अनुसार, पीड़िता की मां की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और होटल से सीसीटीवी फुटेज जुटाने के साथ-साथ इस मामले से जुड़े गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं.

एफआईआर के अनुसार, यह कथित घटना 16 दिसंबर को तब हुई थी जब नाबालिग खिलाड़ी दक्षिण दिल्ली के तुगलकाबाद स्थित डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में राष्ट्रीय स्तर की शूटिंग प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही थी.

एफआईआर के मुताबिक, मैच के बाद कोच ने खिलाड़ी के प्रदर्शन की समीक्षा के लिए उसे फरीदाबाद के सूरजकुंड होटल की लॉबी में मिलने को कहा था. इसी होटल में कोच ठहरा हुआ था.

होटल पहुंचने पर खिलाड़ी पर कथित तौर पर कोच से उसके कमरे में मिलने के लिए दवाब बनाया गया था.

एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि होटल के कमरे में कोच ने उसका यौन उत्पीड़न किया और घटना उजागर करने पर उसका करियर बर्बाद करने तथा उसके परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी.

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मंगलवार को एनआईटी फरीदाबाद स्थित महिला थाने में POCSO अधिनियम की धारा 6 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है.

एनआईटी महिला थाने की एसएचओ माया कुमारी ने कहा, “मामले की गंभीरता और आरोपी की गिरफ्तारी अभी लंबित होने के कारण इस समय ज्यादा जानकारी साझा नहीं की जा सकती. फिलहाल किसी का नाम लेना भी उचित नहीं है क्योंकि मामला संवेदनशील है.”

उन्होंने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक और फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाने के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं. इनमें होटल के सीसीटीवी फुटेज, कॉल रिकॉर्ड और यात्रा से जुड़े विवरण शामिल हैं. इसके साथ ही होटल स्टाफ और अन्य संभावित गवाहों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं.

एसएचओ ने कहा, “आरोप बेहद गंभीर हैं. हम कानूनी प्रक्रिया का पूरी तरह पालन कर रहे हैं और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सभी सबूत सुरक्षित रहें.”

पुलिस के अनुसार, जांच के तहत आरोपी कोच से भी पूछताछ की जाएगी.

IANS / हिंदी पोस्ट डॉट इन


The Hindi Post
error: Content is protected !!