नाबालिग से चार युवकों ने किया गैंगरेप, सभी आरोपी….
सांकेतिक फोटो | (फोटो क्रेडिट: इंग्लिश पोस्ट)
बोकारो | झारखंड के बोकारो शहर में एक 16 वर्षीय छात्रा के साथ गैंगरेप की वारदात सामने आई है. पुलिस ने वारदात की एफआईआर दर्ज होने के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए बुधवार को चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और इन्हें अदालत में पेश करने के बाद जेल भेजने की तैयारी चल रही है.
आरोपियों के नाम राकेश कुमार, दीपक कुमार, सूरज कुमार और विक्की कुमार हैं. ये सभी बोकारो के माराफारी थाना क्षेत्र अंतर्गत सरदार मोहल्ला के रहने वाले हैं. बताया गया है कि पीड़ित छात्रा चतरा स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में पढ़ती है. वह मूल रूप से झारखंड के रामगढ़ जिले की रहने वाली है. उसके माता-पिता बोकारो में रहकर दिहाड़ी पर काम करते हैं. छात्रा स्कूल में गर्मी की छुट्टी होने पर माता-पिता के पास बोकारो आई है.
माराफारी थाने में दर्ज कराई गई एफआईआर के अनुसार, छात्रा मंगलवार को अपने खराब मोबाइल की मरम्मत कराने जा रही थी. रास्ते में एक परिचित के घर वह पानी पीने गई. इसी दौरान चार लड़कों ने उसे दबोच लिया और मुंह दबाकर उसे एक कमरे में ले गए. दो लड़कों ने उसके साथ दुष्कर्म किया, जबकि दो अन्य कमरे के बाहर पहरा दे रहे थे. आरोपियों ने पीड़िता को घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी थी.
बदहवास छात्रा घर लौटी तो देर रात उसने माता-पिता को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद बुधवार सुबह पीड़िता की मां ने थाने पहुंचकर घटना की रिपोर्ट लिखाई. पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेज दिया है.
IANS
