निजी स्कूल के वॉशरूम में 13 वर्षीय छात्र की हार्ट अटैक से मौत ! परिवार में पसरा मातम
कक्षा सात के 13 वर्षीय छात्र कुणाल शर्मा की फाइल फोटो / (क्रेडिट : सोशल मीडिया)
13 साल के मासूम की हार्ट अटैक से मौत, परिजनों में मचा कोहराम, स्कूल के वॉशरूम में मिला शव, देखकर चीख पड़ा छोटा भाई
उत्तर प्रदेश के मेरठ के मवाना से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है. यहां के एक निजी स्कूल में कक्षा सात के 13 वर्षीय छात्र कुणाल शर्मा की मौत हो गई. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ऐसी आशंका है कि कुणाल को दिल का दौरा पड़ा था जिसके चलते उसका निधन हो गया. इस अप्रत्याशित हादसे के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है.
घटना सोमवार दोपहर स्कूल की छुट्टी के बाद की है. जब काफी देर तक कुणाल घर लौटने के लिए ई-रिक्शा तक नहीं पहुंचा तो चालक और कुणाल का छोटा भाई सचित उसे तलाशते हुए स्कूल के भीतर गए. कक्षा में न मिलने पर पता चला कि वह वॉशरूम गया था. वॉशरूम का दरवाजा भीतर से बंद पाकर जब ऊपर से देखा गया तो कुणाल जमीन पर अचेत अवस्था में पड़ा था.
दरवाजा खोलकर स्कूल प्रशासन और परिजन छात्र को तत्काल स्थानीय निजी चिकित्सक और फिर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
मीडिया रिपोर्ट्स में चिकित्सकों के हवाले से लिखा गया है कि छात्र की मृत्यु कार्डियक अरेस्ट (हृदय गति रुकने) के कारण हुई.
मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी बताया गया है कि परिजनों ने किसी भी प्रकार की पुलिस कार्रवाई या पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया जिसके बाद देर शाम गमगीन माहौल में छात्र का अंतिम संस्कार कर दिया गया.
हिंदी पोस्ट डॉट इन
