बम से उड़ाने की मिली धमकी, 13 स्कूलों को कराया गया खाली
सांकेतिक तस्वीर (आईएएनएस)
बम से उड़ाने की मिली धमकी, 13 स्कूलों को खाली कराया गया…..
अहमदाबाद/वडोदरा | अहमदाबाद और वडोदरा के कम से कम 13 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला. इसके बाद स्कूलों को खाली कराया गया और जांच की गई.
अधिकारियों ने बताया कि अहमदाबाद के सात और वडोदरा के छह स्कूलों को अब तक धमकी भरे ईमेल प्राप्त हुए है और इनकी पुष्टि हो चुकी है.
अहमदाबाद में, जिन संस्थानों ने ईमेल प्राप्त करने की पुष्टि की है उनमें वस्त्रापुर का एशिया स्कूल, सैटेलाइट का ए-वन स्कूल, मकरबा का डीएवी इंटरनेशनल स्कूल और अंकुर इंटरनेशनल स्कूल शामिल हैं.
वडोदरा में उर्मी स्कूल, डीआर अमीन स्कूल और नालंदा स्कूल उन स्कूलों में शामिल है जिन्हें धमकी मिली है.
ईमेल में दावा किया गया है कि स्कूल परिसर में विस्फोटक रखा हैं. ईमेल मिलने के बाद, स्कूल प्रशासन ने पुलिस को सूचित किया और एहतियात के तौर पर छात्रों को घर भेज दिया. वडोदरा में उर्मी स्कूल स्थित छात्रावास को भी खाली कराया गया.
अहमदाबाद के संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) शरद सिंघल ने न्यूज एजेंसी आईएएनएस को बताया कि शहर के सात स्कूलों को ईमेल प्राप्त हुए हैं और जांच जारी है. उन्होंने कहा, “अभी तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है. हम ईमेल भेजने वाले के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर रहे हैं.”
वडोदरा पुलिस आयुक्त नरसिम्हा कुमार ने कहा कि ये ईमेल पहले के मामलों की तरह ही फर्जी प्रतीत होते हैं.
उन्होंने कहा, “बम निरोधक दस्ते गहन जांच के लिए तैनात कर दी गई हैं. हम एफआईआर दर्ज करेंगे और उचित कार्रवाई करेंगे.”
सभी प्रभावित स्कूल परिसरों में बम का पता लगाने और उसे निष्क्रिय करने वाली टीमें, खोजी कुत्ते, स्थानीय पुलिस इकाइयां और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद है.
अभी तक कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है. पुलिस ने बताया कि ईमेल के स्रोत का पता लगाने के लिए जांच जारी है.
IANS
