ट्रेन में चाकूबाजी की घटना, मच गई चीख-पुकार, कई लोगों पर हमला, 10 को ले जाया गया अस्पताल, 9 को गंभीर चोटें
सांकेतिक तस्वीर
ट्रेन में चाकूबाजी की घटना, मच गई चीख-पुकार, कई लोगों पर हमला, 10 को ले जाया गया अस्पताल, 9 को गंभीर चोटें…..
ब्रिटेन में चाकूबाजी की घटना हुई है. इस वारदात को चलती ट्रेन में शनिवार शाम को अंजाम दिया गया. इससे चीख-पुकार मच गई. कुल 10 लोग घायल हुए हैं जिनमें से 9 को गंभीर चोटें आईं हैं. सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
एक ट्रेन जो शाम 6:25 बजे डॉनकास्टर से लंदन के किंग्स क्रॉस स्टेशन जा रही थी, में कई यात्रियों पर चाकू से हमला किया गया. अचानक हुए इस हमले से ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई. यात्री चीखने-चिल्लाने लगे.
ब्रिटिश ट्रांसपोर्ट पुलिस ने इसे बेहद गंभीर मामला बताते हुए कहा कि चाकूबाजी की इस घटना की जांच की जा रही है. पुलिस ने आगे बताया कि 10 लोगों को अस्पताल ले जाया गया है. उन्हें कई बार चाकू घोंपा गया. इनमें से 9 को प्राण-घातक चोटें आईं हैं. पुलिस ने 2 लोगों को गिरफ्तार किया है और उनसे पूछताछ की जा रही है.
यह जानकारी भी सामने आई है कि जब इस हमले के बारे में पता चला तो ट्रेन को हंटिंगडन स्टेशन पर रोका गया और हथियारबंद पुलिस अधिकारियों ने 2 लोगों मौके से गिरफ्तार किया. साथ ही घायल यात्रियों को तुरंत एम्बुलेंस द्वारा अस्पताल पहुंचाया गया. पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस वारदात को किसने और क्यों अंजाम दिया और क्या यह आतंकी घटना है?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, चाकूबाजी की इस घटना से चारों तरफ खून फैल गया, लोग सहम गए और वे बाथरूम में छिप गए.
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ने इस हमले पर चिंता जताई है. अपने बयान में उन्होंने कहा, “जो भी इस हमले से प्रभावित हुए हैं, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं हैं. मैं आपातकालीन सेवाओं का आभारी हूं, जिन्होंने तुरंत एक्शन लिया.”
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
