ट्रक और एसयूवी के बीच जोरदार टक्कर, 7 की मौत, 14 घायल

Accident Grok AI Image (1) (1)

सांकेतिक तस्वीर (Grok - AI Image)

The Hindi Post

मध्य प्रदेश के सीधी में सिटी कोतवाली इलाके में दो वाहनों की टक्कर में 7 लोगों की मौत हो गई और 14 लोग घायल हो गए.

घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है. इनमें से 8 गंभीर घायलों को रीवा रेफर किया गया है. हादसा कोतवाली थाना इलाके में हुआ. मृतकों में पांच महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं. घायलों में 6 बच्चे भी हैं.

थाना प्रभारी पुष्पेंद्र मिश्रा ने बताया, “राजमणि साहू अपनी बेटी का मुंडन संस्कार कराने मैहर के झोखों जा रहे थे. उनके परिवार के साथ ससुराल पक्ष के लोग भी थे. परिवार बल्करसीधी से बहरी की ओर जा रहा था. रात करीब ढाई बजे उपनी पेट्रोल पंप के पास दोनों वाहनों में आमने-सामने से टक्कर हो गई. मामले की जांच की जा रही है. ग्रामीणों और रास्ते से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों ने घटना की सूचना पुलिस और एंबुलेंस को दी.”

इस दौरान गाड़ी से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया. इसके बाद 8 गंभीर घायलों को रीवा के संजय गांधी अस्पताल रेफर किया गया. 5 लोगों का रीवा जिला अस्पताल में इलाज जारी है.

सीएम डॉ. मोहन यादव ने एक्स हैंडल पर लिखा- “सीधी जिले अंतर्गत उपनी गांव के समीप देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में मैहर माता के दर्शन करने जा रहे यात्री वाहन और ट्रक की भयानक टक्कर में आठ यात्रियों की असामयिक दर्दनाक मृत्यु का अत्यंत ही दुखद समाचार मिला है. मेरी गहरी शोक संवेदनाएं सभी शोकाकुल परिजनों के साथ हैं.”

उन्होंने आगे लिखा, “देर रात जिला एवं पुलिस प्रशासन के उच्च अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय नागरिकों की मदद से घायलों के इलाज का इंतजाम किया. साथ ही गंभीर घायल यात्रियों को रीवा रेफर किया गया है.”

“सड़क दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि, गंभीर घायलों को 1-1 लाख रुपये एवं सामान्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की राशि स्वीकृत करने के निर्देश दिए हैं.”

सीएम ने आगे लिखा, “भगवान महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान और शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुख सहन करने की शक्ति दें तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ मिले.”

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!